मोदीनगर में निर्माणाधीन गोदाम का लेंटर गिरने से ठेकेदार की मौत, 8 मजदूर हुए घायल
टेन न्यूज नेटवर्क
Ghaziabad News (08/11/2026): गाजियाबाद के मोदीनगर में सीकरी खुर्द-कलछीना मार्ग पर एक निर्माणाधीन गोदाम का लेंटर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में ठेकेदार गौरीशंकर की मौत हो गई, जबकि आठ मजदूर घायल हो गए। घायलों में दो सगे भाइयों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मामले में पुलिस ने गोदाम मालिक और उसके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गई हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8 बजे गोदाम में लगभग 20 फीट की ऊंचाई पर लेंटर डालने का काम चल रहा था। इसी दौरान लेंटर को सहारा देने के लिए लगाई गई स्टेरिंग अचानक टूट गई, जिससे पूरा लेंटर नीचे गिर पड़ा। उस समय मौके पर नौ मजदूर काम कर रहे थे, जो मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए पहुंच गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान गैस कटर से सरिए काटे गए और जेसीबी की मदद से मलबा हटाया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी नौ लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, ठेकेदार गौरीशंकर की जान नहीं बचाई जा सकी। घायलों में पप्पू और मनोज नाम के दो सगे भाई भी शामिल हैं, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
ठेकेदार की मौत के बाद परिजनों ने गोदाम मालिक के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर दिल्ली-मेरठ मार्ग पर जाम लगा दिया। परिजनों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे और कमजोर स्टेरिंग के सहारे लेंटर डाला जा रहा था। वहीं, मुआवजे की मांग को लेकर भीम सेना समेत अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने एसडीएम कार्यालय पर भी प्रदर्शन किया।
एसीपी सिद्धार्थ गौतम के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज कर गोदाम मालिक और उसके बेटे की तलाश की जा रही है। वहीं, एसडीएम कोमल पंवार ने बताया कि श्रम विभाग घायलों के परिजनों से संपर्क कर रहा है। मृतक के परिवार को मुआवजा दिलाने और घायलों के इलाज में मदद का प्रयास किया जा रहा है। मृतक के बच्चों का मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत पंजीकरण कराने की भी बात कही गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।