छात्र की मौत के बाद ग्रामीणों का प्रदर्शन, शव रखकर फ्लाईओवर पर लगाया जाम
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (24/09/2026): दादरी थाना क्षेत्र के अजायबपुर रेलवे फ्लाईओवर पर सड़क हादसे में 12वीं के छात्र की मौत के बाद ग्रामीणों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन और ग्रामीण शव को लेकर फ्लाईओवर पर पहुंचे और सीढ़ियों के रास्ते शव को ऊपर ले जाकर सड़क पर रख दिया। इसके बाद फ्लाईओवर पर यातायात बाधित हो गया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने मृतक छात्र के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की। इसके अलावा हादसे में गंभीर रूप से घायल अनीष के लिए सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपये मुआवजे की मांग भी रखी गई। ग्रामीणों का कहना था कि हादसे में परिवार को आर्थिक नुकसान हुआ है, इसलिए उन्हें उचित सहायता मिलनी चाहिए।
जाम की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस की ओर से नियमानुसार मुआवजा दिलाने का भरोसा दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया और फ्लाईओवर पर यातायात बहाल हो गया।
दरअसल, मंगलवार रात अजायबपुर रेलवे फ्लाईओवर पर डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार 12वीं के छात्र करण की मौत हो गई थी। हादसे में उसके साथ मौजूद अनीष गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद भी ग्रामीणों ने मौके पर जाम लगाया था, जिसे पुलिस की समझाइश के बाद खुलवाया गया था। डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया था।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद करण का शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद ग्रामीण दोबारा फ्लाईओवर पर पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें ग्रामीण शव को सीढ़ियों के जरिए फ्लाईओवर पर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस की समझाइश के बाद जाम समाप्त हुआ और बाद में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।