सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर: सितंबर महीने की सैलरी- पेंशन महीने के आखिरी दिन नहीं आएगी
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (24 September 2026): देशभर के लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए राहत की खबर है। सितंबर 2026 की सैलरी, वेज और पेंशन का भुगतान इस बार महीने के आखिरी कार्यदिवस का इंतजार किए बिना 25 सितंबर को ही किया जाएगा। केंद्र सरकार ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि 25 सितंबर को किया जाने वाला भुगतान ‘एडवांस पेमेंट’ माना जाएगा।
सरकार ने यह फैसला 28 सितंबर से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए लिया है। वित्त मंत्रालय के आधिकारिक संदेश के मुताबिक, हड़ताल के कारण बैंकिंग ट्रांजैक्शन और चेक क्लियरिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। वहीं, 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण महीने के अंत में भुगतान को लेकर दिक्कत की आशंका थी। ऐसे में सभी पे एंड अकाउंट्स ऑफिस और संबंधित बैंकों को 25 सितंबर को ही भुगतान क्लियर करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार के आदेश के मुताबिक, सितंबर की सैलरी और पेंशन को समय से पहले जारी करने के साथ छमाही क्लोजिंग से जुड़े जरूरी वित्तीय भुगतानों को भी समय पर निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, 25 सितंबर को मिलने वाली रकम को अंतिम भुगतान नहीं माना जाएगा। सितंबर महीने के अंत में जब वेतन और पेंशन का अंतिम निर्धारण होगा, तब किसी तरह का अंतर या एडजस्टमेंट निकलने पर उसे अक्टूबर 2026 की सैलरी से समायोजित किया जाएगा।
बैंक हड़ताल से आम लोगों को होने वाली परेशानी को कम करने के लिए 27 सितंबर, रविवार को भी सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। भारतीय रिजर्व बैंक ने बैंकों की शाखाओं, करेंसी चेस्ट और एटीएम से जुड़ी शाखाओं को रविवार को सामान्य रूप से संचालित करने की विशेष मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य हड़ताल शुरू होने से पहले लोगों को नकदी और जरूरी बैंकिंग काम निपटाने का मौका देना है।
दरअसल, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस यानी UFBU ने ‘5-डे बैंकिंग’ लागू करने समेत अपनी मांगों को लेकर 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। संगठन करीब 90 फीसदी बैंक कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करता है। यदि सरकार और बैंक यूनियनों के बीच बातचीत से समाधान नहीं निकलता है, तो इस अवधि में बैंकिंग कामकाज प्रभावित हो सकता है। हालांकि, यूपीआई और नेट बैंकिंग जैसी डिजिटल बैंकिंग सेवाएं चालू रहने की बात कही गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।