UPITS 2026: छात्रों से लेकर स्वयं सहायता समूहों तक, कई वर्गों की होगी भागीदारी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (22/09/2026): ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 में छात्रों, एमएसएमई, ओडीओपी और स्वयं सहायता समूहों की विशेष भागीदारी होगी। ट्रेड शो में विद्यार्थियों के लिए क्विज और बैटल ऑफ द बैंड्स जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। विभिन्न टास्क पूरे करने वाले विद्यार्थियों को ट्रेड एक्सपो पासपोर्ट दिए जाएंगे।
छात्रों की भागीदारी को लेकर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सोमवार को स्कूल-कॉलेजों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों को ट्रेड शो में शामिल होने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए करियर काउंसलिंग के विशेष सत्र और स्टॉल भी लगाए जाएंगे। ट्रेड शो के जरिए छात्रों को उद्योग, व्यापार, नई तकनीक, रोजगार और करियर के अवसरों को समझने का मौका मिलेगा।
9 जोन और 20 सेक्टर में बांटा गया आयोजन स्थल
यूपी ट्रेड शो के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। आयोजन स्थल को 9 जोन और 20 सेक्टरों में बांटा गया है। 24 घंटे एक्टिव कंट्रोल कमांड सेंटर से निगरानी की जाएगी। सुरक्षा के लिए 550 सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन और एंटी-ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था में 7 डीसीपी, 14 एडीसीपी, 38 एसीपी, 80 इंस्पेक्टर, 300 उपनिरीक्षक, 40 महिला उपनिरीक्षक और 1500 कांस्टेबल तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा महिला सुरक्षा के लिए 150 महिला कांस्टेबल अलग से रहेंगी। पीएससी की 7 कंपनियां और आरएएफ की एक कंपनी भी तैनात रहेगी।
यातायात व्यवस्था के लिए 3 एसीपी ट्रैफिक, 10 ट्रैफिक इंस्पेक्टर, 20 टीएसआई और 450 ट्रैफिक कांस्टेबल लगाए जाएंगे। आगंतुकों के लिए 7 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जहां 15 हजार से अधिक वाहन खड़े हो सकेंगे। नासा पार्किंग में 10 हजार वाहनों की क्षमता होगी। विदेशी मेहमानों के लिए होटल से आयोजन स्थल तक सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था रहेगी।

75 जिलों के उत्पादों को मिलेगा वैश्विक मंच
इस बार ट्रेड शो में एमएसएमई और ओडीओपी पर विशेष फोकस रहेगा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट के हॉल नंबर 9 और 10 में ओडीओपी उत्पादों, नए उद्यमियों और एमएसएमई सेक्टर से जुड़े उत्पादों की प्रदर्शनी होगी। प्रदेश के सभी 75 जिलों के पारंपरिक और प्रसिद्ध उत्पाद यहां प्रदर्शित किए जाएंगे।
हॉल नंबर 11 और 12 में कृषि, डेयरी विकास, फूड प्रोसेसिंग, आयुष और जीआई टैग वाले उत्पादों का प्रदर्शन होगा। ट्रेड शो में 600 से अधिक विदेशी खरीदारों के पहुंचने की उम्मीद है। इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना और छोटे उद्योगों को नए व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराना है।
75 स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं लेंगी हिस्सा
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में प्रदेश के सभी 75 जिलों से 75 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से जूट के सामान, जरी-जरदोजी, चिकनकारी सूट, टेराकोटा, चमड़े के उत्पाद, मसाले, अचार, मुरब्बा, नमकीन, ज्वेलरी, पेंटिंग और बलिनी मिल्क से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे।
आयोजन का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को उनके उत्पादों के लिए बाजार और वैश्विक संपर्क उपलब्ध कराना है। मिशन की ओर से समूह गठन, टेक होम राशन, बीसी सखी और विद्युत सखी जैसी योजनाओं की भी जानकारी दी जाएगी। महिलाओं और अन्य प्रतिभागियों के रहने, खाने और आने-जाने की व्यवस्था मिशन की ओर से पूरी किए जाने की जानकारी दी गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।