अमित शाह से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल, कहा “इनकी निगरानी में मेट्रो केबल भी हो रही चोरी”

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (06 दिसंबर 2024): आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को आड़े हाथों लिया। दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर कीर्ति नगर से मोती नगर के बीच केबल चोरी की घटना को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मंत्री सौरभ भारद्वाज ने चिंता जताई।

अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “दिल्ली मेट्रो की केबल चोरी हो गई। अगर मेट्रो जैसे सुरक्षित स्थान पर ऐसा हो सकता है, तो दिल्ली में कुछ भी सुरक्षित नहीं है। मैं अमित शाह जी से अनुरोध करता हूं कि दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान दें।”

AAP के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि यह घटना दिल्ली में बढ़ते अपराध की एक बानगी भर है। उन्होंने कहा, “दिल्ली देश की राजधानी है और इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्र सरकार और गृह मंत्री के पास है। इसके बावजूद मेट्रो केबल चोरी हो रही है। दिल्ली में गाड़ियों, मोबाइल फोन, चेन और यहां तक कि बैंकों में डकैती की घटनाएं आम हो गई हैं।”

सौरभ भारद्वाज ने अमित शाह से अपील की कि बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता असुरक्षित महसूस कर रही है और इसे दूर करना केंद्र सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

AAP ने इस घटना को दिल्ली की खराब कानून व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए इसे तुरंत सुधारने की मांग की है।

टिप्पणियाँ बंद हैं।