दिल्ली के अलीपुर में निर्माणाधीन इमारत गिरी, लेंटर डालने के दौरान हुआ हादसा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (20 September 2026): दिल्ली के अलीपुर इलाके में रविवार सुबह निर्माणाधीन इमारत का एक हिस्सा गिरने से हड़कंप मच गया। घटना सुबह करीब 11:03 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिली थी कि इमारत के मलबे में 5 से 6 लोग दबे हो सकते हैं। इसके बाद अलीपुर थाना पुलिस की पूरी टीम मौके पर पहुंची। राहत और बचाव के लिए 4 एंबुलेंस, एक फायर टेंडर और डिजास्टर मैनेजमेंट की एक गाड़ी भी घटनास्थल पर भेजी गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त निर्माणाधीन इमारत में लेंटर डालने का काम चल रहा था और मजदूर मौके पर काम कर रहे थे। शुरुआती तौर पर पुलिस को आशंका है कि लेंटर को सहारा देने के लिए लगाई गई सपोर्टिंग शटरिंग यानी बल्लियां गिर गईं, जिसके कारण निर्माणाधीन ढांचा नीचे आ गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और पुलिस तथा राहत टीमों ने तुरंत स्थिति को संभाला।

हालांकि, जांच के बाद राहत की बात सामने आई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक हादसे में किसी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है और न ही किसी के मलबे में फंसे होने की सूचना है। मौके पर मौजूद सभी मजदूर सुरक्षित बताए गए हैं और उनकी गिनती भी पूरी कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है और मामले की आगे जांच की जा रही है, ताकि हादसे की सही वजह और निर्माण कार्य से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।

यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब हाल ही में दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में निर्माणाधीन इमारत गिरने से 7 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। सत्य निकेतन हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अवैध तरीके से बनीं और खतरनाक इमारतों की जांच के आदेश दिए थे। साथ ही नियमों के मुताबिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए थे। ऐसे में अलीपुर में निर्माणाधीन इमारत गिरने की घटना ने एक बार फिर निर्माण स्थलों की सुरक्षा और निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।