दिल्ली समेत चार हाईकोर्ट में 14 नए जजों की नियुक्ति, दिल्ली HC को मिले 7 नए जज
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (20 September 2026): दिल्ली हाईकोर्ट को जल्द सात नए जज मिलने जा रहे हैं। केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश पर दिल्ली हाईकोर्ट के लिए भेजे गए आठ नामों में से सात को मंजूरी दे दी है। माना जा रहा है कि सभी नवनियुक्त जज सोमवार को शपथ लेकर न्यायिक जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। इन नियुक्तियों के बाद दिल्ली हाईकोर्ट में जजों की कुल संख्या बढ़कर 51 हो जाएगी, जबकि हाईकोर्ट में जजों के कुल 60 स्वीकृत पद हैं।
नवनियुक्त सात जजों में दो को स्थायी जज और पांच को अतिरिक्त जज के तौर पर नियुक्त किया गया है। निवेदिता अनिल शर्मा और निशा सहाय सक्सेना को स्थायी जज बनाया गया है। वहीं संजय शर्मा, सुप्रीम कोर्ट के सेक्रेटरी जनरल भरत पाराशर, डॉ. अदिति चौधरी, दिनेश भट्ट और अरुण भारद्वाज को अतिरिक्त जज नियुक्त किया गया है। अरुण भारद्वाज फिलहाल दिल्ली हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार जनरल के पद पर कार्यरत हैं।
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 10 सितंबर 2026 को दिल्ली हाईकोर्ट के लिए आठ न्यायिक अधिकारियों के नामों की सिफारिश की थी। इस सूची में गुरविंदर पाल सिंह का नाम भी शामिल था, लेकिन उनकी नियुक्ति को फिलहाल मंजूरी नहीं मिली है। गुरविंदर पाल सिंह का नाम खारिज नहीं किया गया है, बल्कि उनकी नियुक्ति लंबित रखी गई है। वह वर्तमान में दिल्ली के साकेत कोर्ट कॉम्प्लेक्स में प्रिंसिपल जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत हैं। अगर कॉलेजियम भविष्य में उनके नाम की दोबारा सिफारिश करता है तो स्थापित परंपराओं के अनुसार केंद्र सरकार को उस पर फिर से विचार करना होगा, हालांकि उस स्थिति में उनकी वरिष्ठता प्रभावित हो सकती है।
दिल्ली के अलावा तीन अन्य हाईकोर्ट में भी नए जजों की नियुक्ति की गई है। राष्ट्रपति की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक झारखंड हाईकोर्ट में मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा को जज नियुक्त किया गया है। कर्नाटक हाईकोर्ट में ऊषा रानी, के. एस. भरत कुमार और नेराले वीर भद्रैया भवानी को स्थायी जज बनाया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट में यश पॉल बॉर्नी की जज के तौर पर नियुक्ति हुई है।
इस तरह दिल्ली, झारखंड, कर्नाटक और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट में कुल 14 जजों की नियुक्ति हुई है। इन नियुक्तियों की खास बात यह है कि सभी न्यायिक सेवा से पदोन्नत होकर हाईकोर्ट पहुंचे हैं। यानी जिला जज स्तर के न्यायिक अधिकारियों को सीधे हाईकोर्ट में जज के तौर पर नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद अब संबंधित हाईकोर्ट में शपथ की प्रक्रिया पूरी होने के साथ नवनियुक्त जज न्यायिक कार्य संभालेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।