थाना नॉलेज पार्क में FDRC कक्ष का उद्घाटन, पारिवारिक विवादों के समाधान और महिला सहायता की दिशा में पहल

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (18/09/2026): ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क परिसर में Family Dispute Resolution Clinic (FDRC) के नवनिर्मित एवं रेनोवेटेड कक्ष का उद्घाटन किया गया। इस केंद्र का उद्देश्य महिलाओं से संबंधित पारिवारिक और घरेलू विवादों को संवेदनशीलता के साथ सुनना, काउंसलिंग के माध्यम से समाधान की दिशा में आगे बढ़ाना और परिवारों को टूटने से बचाने में सहायता करना है।

FDRC कक्ष का उद्घाटन उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान और पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्ध नगर लक्ष्मी सिंह ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर महिला सुरक्षा, पारिवारिक विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान और महिलाओं को संवेदनशील एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने के लिए FDRC की भूमिका पर चर्चा की गई।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि, थाना नॉलेज पार्क परिसर में शारदा यूनिवर्सिटी के साथ हुए MoU के तहत पहले से Family Dispute Resolution Clinic संचालित किया जा रहा था। अब इसी केंद्र को रेनोवेटेड स्वरूप में विकसित कर औपचारिक रूप से इसका उद्घाटन किया गया है।

उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट क्षेत्र से आने वाली महिला संबंधी शिकायतों को यह केंद्र प्रमुख रूप से देखता है। यहां मामलों को केवल कानूनी दृष्टिकोण से देखने के बजाय काउंसलिंग और संवाद के माध्यम से पारिवारिक विवादों को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाने का प्रयास किया जाता है।

लक्ष्मी सिंह के अनुसार, FDRC के माध्यम से अब तक बड़ी संख्या में परिवारों को टूटने से बचाने में मदद मिली है। उन्होंने केंद्र की सफलता दर 90 प्रतिशत से अधिक रहने की बात कही। उनके मुताबिक, यहां विभिन्न विभागों के सहयोग से प्रोफेशनल काउंसलर्स द्वारा काउंसलिंग उपलब्ध कराई जाती है, जिससे पारिवारिक विवादों के समाधान की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाया जा रहा है।

पुलिस कमिश्नर ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में भी यह केंद्र अपनी पेशेवर क्षमता और उत्कृष्ट कार्यप्रणाली को बनाए रखेगा तथा पारिवारिक विवादों के समाधान के क्षेत्र में एक प्रभावी मॉडल के रूप में आगे बढ़ेगा।

जिले के बाहर भी FDRC मॉडल को विस्तार देने की तैयारी

लक्ष्मी सिंह ने बताया कि भविष्य में FDRC की कार्यप्रणाली को जिले के बाहर भी ले जाने की योजना है। इसके लिए दो प्रमुख पहलुओं पर काम करने का सुझाव दिया गया है। पहला, अलग-अलग स्थानों पर कार्यरत काउंसलर्स के लिए एक प्रशिक्षण प्रोटोकॉल और SOP (Standard Operating Procedure) तैयार किया जाए। इसके माध्यम से काउंसलर्स की ट्रेनिंग और क्षमता निर्माण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि FDRC में होने वाली काउंसलिंग से संबंधित रिकॉर्ड को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखने और भविष्य में उसका आसानी से आकलन करने के लिए तकनीक का भी इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए एक ऐप विकसित करने की योजना पर काम किया जाएगा, जिसके माध्यम से केंद्र की गतिविधियों और मामलों की स्थिति की जानकारी एक नजर में देखी जा सके।

इस पहल के जरिए महिलाओं को अपनी पारिवारिक समस्याएं खुलकर रखने, विशेषज्ञ काउंसलिंग प्राप्त करने और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान की प्रक्रिया में सहायता मिलने की उम्मीद है। पुलिस एवं महिला आयोग की ओर से आने वाले समय में ऐसे केंद्रों की पहुंच को और व्यापक बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।