UP MLC Election 2026: शिक्षक मतदाता संख्या पर डॉ. कुलदीप मलिक की चिंता
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (16/09/2026): उत्तर प्रदेश में आगामी विधान परिषद शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में शिक्षक नेता और ‘शिक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम के संस्थापक डॉ. कुलदीप मलिक मतदाता पंजीकरण और चुनावी व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार अभियान चला रहे हैं। उन्होंने शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं की संख्या को लेकर चिंता जताते हुए मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया को और सरल बनाने की जरूरत बताई है।
डॉ. मलिक ने हाल ही में चुनाव आयोग द्वारा मेरठ-सहारनपुर मंडल के आगामी विधान परिषद चुनाव के लिए जारी की गई जिला-वार मतदाता संख्या का हवाला देते हुए कहा कि नौ जिलों में शिक्षक मतदाताओं की संख्या पहले के मुकाबले बढ़ी है। उनके अनुसार, शिक्षक मतदाताओं की संख्या पहले 33,163 थी, जो अब बढ़कर 44,686 हो गई है। उन्होंने संभावना जताई कि भविष्य में यह संख्या करीब 60 हजार तक पहुंच सकती है।
जटिल पंजीकरण प्रक्रिया और उदासीनता को बताया प्रमुख कारण
डॉ. कुलदीप मलिक के मुताबिक, शिक्षक और स्नातक मतदाताओं की वर्तमान संख्या अभी भी अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने इसके पीछे मुख्य रूप से मतदाता पंजीकरण की जटिल प्रक्रिया और संभावित मतदाताओं की चुनावी प्रक्रिया के प्रति कम रुचि को कारण बताया।
उन्होंने कहा कि यदि पात्र शिक्षक और स्नातक मतदाता बड़ी संख्या में अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं, तो विधान परिषद चुनाव में उनकी भागीदारी और प्रभाव दोनों बढ़ सकते हैं। इसी उद्देश्य से उनके स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
कई जिलों में अभियान का असर, लोग खुद बनवा रहे वोट
डॉ. मलिक ने बताया कि मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर समेत कई जिलों में उनके अभियान के बाद लोगों में मतदाता पंजीकरण को लेकर जागरूकता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कई संभावित मतदाता अब स्वयं घरों से निकलकर अपनी वोट बनवाने की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक भागीदारी के लिहाज से सकारात्मक संकेत बताया और कहा कि मतदाता जागरूकता बढ़ना जनप्रतिनिधियों के लिए भी महत्वपूर्ण संदेश है।
गौतमबुद्ध नगर में शिक्षक मतदाताओं की संख्या पर जताई खुशी
गौतमबुद्ध नगर में शिक्षक मतदाताओं की संख्या अधिक होने के सवाल पर डॉ. कुलदीप मलिक ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। जिले में बड़ी संख्या में निजी विश्वविद्यालय, तकनीकी संस्थान और मैनेजमेंट शिक्षण संस्थान संचालित हैं। उनके अनुसार, इन संस्थानों से जुड़े पात्र शिक्षक और अन्य मतदाता आगामी चुनाव में अपने प्रतिनिधियों के चयन को लेकर सक्रिय दिखाई दे रहे हैं।
फर्जी मतदाताओं की शिकायतों पर कार्रवाई की मांग
विभिन्न जिलों से कथित फर्जी मतदाता बनाए जाने की शिकायतों के संबंध में पूछे जाने पर डॉ. मलिक ने कहा कि उनके पास भी कुछ स्थानों से इस तरह की सूचनाएं पहुंच रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी जिले में जांच के दौरान फर्जी मतदाता बनाए जाने की बात सामने आती है, तो वह अपनी टीम के साथ इसके खिलाफ हर स्तर पर आवाज उठाएंगे।उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है, ताकि पात्र मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके और चुनाव प्रक्रिया पर लोगों का भरोसा बना रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।