MCD में ACB का एक्शन, पेंशन फंड के नाम पर 70 हजार की रिश्वत मांगने वाला क्लर्क गिरफ्तार
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (16 September 2026): दिल्ली नगर निगम (MCD) में भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने कार्रवाई करते हुए पूर्वी जोन कार्यालय के एक बिलिंग क्लर्क को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने निगम के सेवानिवृत्त सफाईकर्मी सलेक चंद का पेंशन फंड जारी कराने के एवज में कुल 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले का सत्यापन कराया और इसके बाद जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ा।
जानकारी के मुताबिक, सलेक चंद 30 सितंबर 2024 को MCD से सेवानिवृत्त हुए थे, लेकिन करीब दो साल बीतने के बावजूद उनका पेंशन फंड जारी नहीं हुआ था। उनके बेटे जितेंद्र ने आरोप लगाया कि पेंशन फंड जारी कराने के लिए बिलिंग क्लर्क संजय ने 70 हजार रुपये की मांग की। इसके बाद शिकायतकर्ता ने ACB से संपर्क किया। जांच और सत्यापन के बाद ACB की टीम ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की पहली किश्त लेकर पटपड़गंज औद्योगिक क्षेत्र स्थित MCD के पूर्वी जोन कार्यालय पहुंचने के लिए कहा।
जैसे ही संजय ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, ACB की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है और आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जांच के दौरान एक अन्य कर्मचारी को भी हिरासत में लिया गया था, लेकिन उसकी संलिप्तता नहीं मिलने पर उसे छोड़ दिया गया। वहीं, साकेत नाम के एक अन्य व्यक्ति की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है।
मामले में पूर्वी जोन में तैनात रहे एक असिस्टेंट कमिश्नर की भूमिका भी ACB की जांच के घेरे में है। सूत्रों के अनुसार, शिकायतकर्ता ने कथित तौर पर इस मामले की जानकारी असिस्टेंट कमिश्नर को भी दी थी, लेकिन आरोप है कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। ACB अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या पेंशन फंड जारी करने के लिए मांगी गई रिश्वत के मामले में असिस्टेंट कमिश्नर या किसी अन्य कर्मचारी की भी कोई भूमिका थी। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछताछ की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद MCD में रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। पूर्व मेयर श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा है कि भ्रष्टाचार में शामिल पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और लोगों को रिश्वत मांगे जाने पर CBI या ACB में शिकायत करनी चाहिए। फिलहाल ACB की जांच जारी है और यह स्पष्ट होने का इंतजार है कि क्लर्क द्वारा मांगी गई कथित रिश्वत के पीछे सिर्फ उसकी भूमिका थी या इसमें अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल थे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।