बिल्डर ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश, CM योगी से लगाई मदद की गुहार

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (15/09/2026): ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित पाम ओलंपिया सोसायटी से एक मामला सामने आया है, जहां एक बिल्डर ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना से पहले बिल्डर नीरज चौहान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी से मदद की गुहार लगाई। तबीयत बिगड़ने के बाद उसे उपचार के लिए सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जमीन को लेकर चल रहा था विवाद

वीडियो में नीरज चौहान ने कुछ लोगों पर धमकी देने और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए हैं। नीरज के मुताबिक, उसने निशान चौबे, आशीष श्रीवास्तव और कैलाश बजाज के साथ मिलकर ग्रेटर नोएडा के ईटा सेक्टर में एक प्लॉट खरीदा था। नीरज ने बताया कि उसके साथ जमीन में साझेदार रहे आशीष श्रीवास्तव की कुछ समय पहले हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। इसके बाद जमीन को लेकर उसका निशान चौबे और कैलाश बजाज के साथ विवाद चल रहा था।

नीरज का आरोप है कि पिछले करीब एक सप्ताह से उसे अलग-अलग लोगों के माध्यम से धमकियां दी जा रही थीं। उसने दावा किया कि 11 सितंबर को भी उसे बुलाकर धमकी दी गई थी। उसका आरोप है कि विवादित जमीन अब किसी अन्य बिल्डर को दे दी गई है और उस पर कब्जा कर लिया गया है।

परिवार की सुरक्षा को लेकर भी जताई चिंता

वीडियो में नीरज चौहान ने दावा किया कि कुछ प्रभावशाली लोगों के कारण वह खुद को असहाय महसूस कर रहा है। उसने मुख्यमंत्री और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की। नीरज ने अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई और कथित तौर पर धमकी देने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

पुलिस ने कहा- मेडिकल जांच के बाद स्थिति होगी स्पष्ट

बिसरख थाना प्रभारी के अनुसार, मामला पुलिस के संज्ञान में है और नीरज चौहान का सर्वोदय अस्पताल में उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि नीरज ने जहरीला पदार्थ खाया है या नहीं, इसकी पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने पर पूरे मामले की जांच की जाएगी। जमीन विवाद, धमकी के आरोप और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के बाद उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल नीरज चौहान का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले में मेडिकल रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर आगे की जांच कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।