IIMT कॉलेज में रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा ने लगाया रक्तदान शिविर, 120 यूनिट रक्त एकत्र

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (14/09/2026): रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा की ओर से IIMT ग्रुप ऑफ कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लेते हुए मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। कुल 187 विद्यार्थियों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जिनमें से जांच के बाद 120 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

शिविर के दौरान रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष रो. निखिल गर्ग ने विद्यार्थियों को रक्तदान के महत्व और इसके सामाजिक लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा सेवा कार्य है, जिससे जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने और समाज के अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य जांच के बाद लिया गया रक्त

क्लब के पूर्व अध्यक्ष सौरभ बंसल ने बताया कि शिविर में रोटरी ब्लड बैंक नोएडा की अनुभवी चिकित्सकीय टीम ने रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की। रक्तदान से पहले प्रत्येक प्रतिभागी का ब्लड प्रेशर, हीमोग्लोबिन स्तर, वजन समेत अन्य जरूरी मानकों की जांच की गई। निर्धारित स्वास्थ्य मानकों पर खरे उतरने वाले विद्यार्थियों से ही रक्त लिया गया। उन्होंने बताया कि IIMT कॉलेज के एमडी मयंक अग्रवाल सामाजिक सेवा से जुड़े कार्यों में हमेशा सहयोग करते हैं। वह स्वयं भी समय-समय पर रक्तदान कर विद्यार्थियों को प्रेरित करते हैं।

67 विद्यार्थी स्वास्थ्य मानकों के कारण नहीं कर सके रक्तदान

रोटरी क्लब के सचिव रो. राहुल शर्मा ने बताया कि शिविर में विद्यार्थियों के बीच रक्तदान को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं रक्तदान के लिए आगे आए, लेकिन स्वास्थ्य जांच के दौरान 67 विद्यार्थी कम हीमोग्लोबिन या निर्धारित वजन संबंधी मानकों को पूरा नहीं कर सके, जिसके कारण उनका रक्त नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर का उद्देश्य केवल रक्त एकत्र करना ही नहीं, बल्कि युवाओं में नियमित रक्तदान के प्रति जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।

कॉलेज प्रबंधन और चिकित्सकीय टीम का रहा सहयोग

शिविर के सफल आयोजन में IIMT कॉलेज के डायरेक्टर उमेश कुमार, डॉ. अमित रॉय, डॉ. गोविंद गुप्ता और डॉ. संजय सिंह का विशेष सहयोग रहा। रोटरी क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी पूरे आयोजन में व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर रो. अतुल जैन, रो. ऋषि अग्रवाल, रो. संजय गर्ग, रो. अनिल गुप्ता, रो. मोहित सिंघल, रो. के.के. शर्मा और रो. शिवकुमार गुप्ता समेत क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे। आयोजकों ने रक्तदाताओं, कॉलेज प्रबंधन, चिकित्सकीय टीम और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। शिविर के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि नियमित और सुरक्षित रक्तदान समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।