BRICS Summit के बीच पिस्टल के साथ कांस्टेबल की रील वायरल, विभागीय जांच शुरू

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (13 September 2026): दिल्ली में 18वें BRICS Summit के बीच दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल की पिस्टल के साथ बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। वायरल वीडियो में कांस्टेबल एक इमारत की छत पर नजर आ रहा है और उसके हाथ में पिस्टल दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि कांस्टेबल ने BRICS Summit का आधिकारिक पहचान पत्र भी पहन रखा था। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने पुलिसकर्मी के इस व्यवहार पर सवाल उठाए हैं।

वायरल वीडियो में कांस्टेबल के साथ कुछ अन्य लोग भी छत पर दिखाई दे रहे हैं। सभी लोग दूसरी इमारत की तरफ देखते नजर आ रहे हैं। मामले को लेकर दिल्ली पुलिस ने संज्ञान लिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो में नजर आ रहा कांस्टेबल दिल्ली पुलिस के नॉर्थ-वेस्ट डिस्ट्रिक्ट में तैनात है। अधिकारियों ने मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है और जांच के आधार पर कांस्टेबल के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें निलंबन भी शामिल हो सकता है।

दरअसल, दिल्ली में 18वें BRICS Summit के चलते सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी की गई है। भारत मंडपम में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और अन्य वीवीआईपी मेहमानों की आवाजाही को देखते हुए एयरपोर्ट, होटल, भारत मंडपम और मेहमानों के दौरे वाले अन्य स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियां तैनात हैं। सम्मेलन की सुरक्षा में करीब 15 हजार पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की 200 कंपनियों को लगाया गया है, जबकि निगरानी के लिए 500 CCTV कैमरे लगाए गए हैं।

ऐसे में ड्यूटी के दौरान हथियार के साथ सोशल मीडिया रील बनाए जाने का मामला सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से भी गंभीर माना जा रहा है। BRICS Summit जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन के बीच पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी और सतर्कता पर खास जोर है। अब विभागीय जांच में यह पता लगाया जाएगा कि कांस्टेबल ने किन परिस्थितियों में यह वीडियो बनाया और क्या ड्यूटी के दौरान नियमों का उल्लंघन हुआ। जांच के निष्कर्ष के आधार पर दिल्ली पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।