नई दिल्ली News (13 September 2026): दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। ‘अ-आवास, भा-भागीदारी, वि-विश्वास, प-परिणाम’ के चार आधारों पर तैयार घोषणापत्र में सुरक्षित विद्यार्थी आवास, महिला सुरक्षा, विद्यार्थियों की निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी, बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था और रोजगार के अवसरों को प्रमुखता दी गई है।
अभाविप ने अध्यक्ष पद पर यश डबास, उपाध्यक्ष पद पर ईशू मौर्य, सचिव पद पर रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्यराज सिंह को प्रत्याशी बनाया है। संगठन के अनुसार, उसका पूरा पैनल 7-3-3-3 मतदान क्रमांक पर चुनाव लड़ रहा है और प्रत्याशी विभिन्न महाविद्यालयों, पीजी एवं छात्रावासों में विद्यार्थियों से संवाद कर रहे हैं।
घोषणापत्र में नए छात्रावासों का निर्माण, छात्राओं के लिए पर्याप्त आवास, छात्र आवास प्रकोष्ठ एवं हेल्पलाइन, पीजी और छात्रावासों की सुरक्षा जांच तथा अग्नि-सुरक्षा मानकों के प्रभावी पालन पर जोर दिया गया है। स्वच्छता, पेयजल और इंटरनेट जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का भी संकल्प लिया गया है। सत्य निकेतन हादसे के बाद सुरक्षित विद्यार्थी आवास के मुद्दे को अभाविप ने अपनी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किया है।

महिला सुरक्षा के तहत पिंक बूथ, सुरक्षा गश्त, महिला सुरक्षा कर्मियों की उपलब्धता, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, छात्राओं के लिए कॉमन रूम, सैनिटरी नैपकिन मशीनें और स्त्री-रोग विशेषज्ञ जैसी सुविधाओं को मजबूत करने की बात कही गई है। इसके अलावा शिकायत निवारण व्यवस्था, विधिक सहायता, ट्रांसजेंडर विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुगम परिसर, पूर्वोत्तर विद्यार्थियों के लिए सहायता तथा मानसिक स्वास्थ्य परामर्श केंद्र जैसी व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने का वादा किया गया है।
शैक्षणिक क्षेत्र में समयबद्ध एवं पारदर्शी परीक्षा परिणाम, पूरक परीक्षाएं, उत्तर पुस्तिकाएं देखने की सुविधा, आंतरिक मूल्यांकन में पारदर्शिता और समय पर डिग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। वहीं, रोजगार मेले, उद्योगों एवं शोध संस्थानों से संपर्क, प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं डिजिटल कौशल आधारित अवसर तथा नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की योजनाएं भी घोषणापत्र का हिस्सा हैं।
अभाविप के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी यश डबास ने कहा कि घोषणापत्र विद्यार्थियों की रोजमर्रा की जरूरतों और आकांक्षाओं से जुड़े संगठन के काम की दिशा स्पष्ट करता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित आवास, महिला सुरक्षा, विद्यार्थियों की भागीदारी, बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था और रोजगार के अवसरों पर संगठन आगे भी मजबूती से काम करेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से 7-3-3-3 मतदान क्रमांक पर पूरे पैनल को वोट देकर डूसू में 4-0 की जीत दिलाने की अपील की।
उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी ईशू मौर्य ने विश्वविद्यालय से जुड़े निर्णयों में विद्यार्थियों की आवाज को उचित स्थान देने और दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सुगम परिसर एवं समान अवसर सुनिश्चित करने की बात कही। सचिव पद की प्रत्याशी रिया छाबड़ी ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए छात्राओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। संयुक्त सचिव पद के प्रत्याशी लक्ष्यराज सिंह ने समयबद्ध परिणाम, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था, रोजगार, प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और डिजिटल कौशल के अवसर बढ़ाने की बात कही।
अभाविप दिल्ली प्रांत के प्रदेश सचिव सार्थक शर्मा ने कहा कि संगठन सकारात्मक अभियान के साथ विद्यार्थियों के बीच पहुंच रहा है। उन्होंने दावा किया कि विद्यार्थियों के समर्थन और उत्साह से इस बार डूसू चुनाव में अभाविप क्लीन स्वीप करेगी।
ABVP DUSU Manifesto
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।