नोएडा में ट्रकों के लिए बनेगा नया रूट नेटवर्क, लॉजिस्टिक प्लान का ड्राफ्ट तैयार
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (13/09/2026): नोएडा में बढ़ती मालवाहक वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए प्राधिकरण ने सिटी लॉजिस्टिक प्लान (सीएलपी) का ड्राफ्ट तैयार किया है। योजना के तहत शहर की बाहरी और आंतरिक सड़कों को आपस में जोड़कर ट्रकों के लिए निर्धारित रूट नेटवर्क विकसित करने का प्रस्ताव है। इससे मालवाहक वाहनों की आवाजाही सुचारु करने और मुख्य मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
प्लान तैयार करने से पहले शहर के प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर ट्रकों की आवाजाही का विस्तृत आंकड़ा जुटाया गया। इसमें अलग-अलग समय पर शहर में आने-जाने वाले मालवाहक वाहनों की संख्या और पीक ऑवर के दौरान यातायात पर पड़ने वाले प्रभाव का अध्ययन किया गया। औद्योगिक क्षेत्रों में पहुंचने वाले ट्रकों और उनके आवागमन के पैटर्न को भी विश्लेषण में शामिल किया गया है।
प्राधिकरण ने एनसीआर के आसपास के जिलों से नोएडा आने वाले मालवाहक वाहनों की गतिविधियों का भी अध्ययन किया। करीब 24 घंटे के ट्रैफिक डेटा के आधार पर यह देखा गया कि किन मार्गों पर ट्रकों की संख्या अधिक रहती है और किन रास्तों पर यातायात का दबाव बढ़ता है। इसी आधार पर लॉजिस्टिक नेटवर्क को बेहतर बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी क्रांति शेखर के अनुसार, सीएलपी का ड्राफ्ट तैयार हो चुका है। इसमें मौजूदा ट्रक रूट, औद्योगिक क्षेत्रों की जरूरत और प्रमुख प्रवेश-निकास मार्गों से जुड़े आंकड़ों को शामिल किया गया है। अब ड्राफ्ट को समिति के समक्ष रखा जाएगा। समीक्षा के बाद इसे प्राधिकरण बोर्ड और फिर शासन को भेजा जाएगा।
सीएलपी की समीक्षा के लिए एसीईओ की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। इसमें सिविल, नियोजन और औद्योगिक विभाग के अधिकारियों के साथ आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी शामिल हैं। केंद्र सरकार की योजना के तहत उत्तर प्रदेश के नोएडा, वाराणसी और मुरादाबाद समेत देश के 25 राज्यों के 100 से अधिक शहरों में सिटी लॉजिस्टिक प्लान तैयार किए जा रहे हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।