ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर किसानों का धरना चौथे दिन भी जारी, 14 सितंबर को महापंचायत
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (12/09/2026): किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय के बाहर किसान संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में चल रहा धरना प्रदर्शन लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। आंदोलन में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष किसानों ने भाग लिया। किसानों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए आंदोलन को मांगें पूरी होने तक जारी रखने का संकल्प जताया।
धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि किसानों को 10 प्रतिशत आबादी के प्लॉट दिए जाने से संबंधित प्रस्ताव वर्ष 2024 में प्राधिकरण बोर्ड से स्वीकृत किया जा चुका है। इसके बाद प्रस्ताव को शासन की मंजूरी के लिए भेजा गया था। अब किसानों की नजर शासन स्तर से होने वाले अनुमोदन पर है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान के लिए किसानों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है और जब तक मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नगर ने कहा कि किसानों का आंदोलन निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हैं। उनका कहना था कि मांगों का समाधान होने तक धरना और आंदोलन जारी रखा जाएगा।
किसान एकता संघ के नेता उम्मेद त्यागी ने 10 प्रतिशत आबादी के प्लॉट से जुड़े मामले को लेकर प्राधिकरण और शासन पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे को लंबे समय से लंबित रखा गया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में किसान संगठन अपनी मांगों को लेकर दबाव बनाए रखेंगे और समाधान के लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
भारतीय किसान परिषद के प्रदेश अध्यक्ष कुमार पाल प्रधान ने कहा कि किसान किसी भी तरह के दबाव या फ्लैग मार्च से भयभीत होने वाले नहीं हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई को लेकर भी नाराजगी जाहिर की और आरोप लगाया कि आंदोलनकारी किसानों पर दमनात्मक कार्रवाई करने वाले अधिकारियों को इसके परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
धरना स्थल पर किसान नेताओं ने आगामी आंदोलन की रणनीति की भी घोषणा की। किसान संघर्ष मोर्चा के अनुसार, 14 सितंबर को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की उम्मीद है। महापंचायत में किसानों की मांगों, शासन और प्राधिकरण की भूमिका तथा आंदोलन की आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
धरना प्रदर्शन के दौरान जोगेंद्र, पूनम, रीना, शांति देवी, सुशील सुनपुरा, अजय पाल भाटी, यतेंद्र मैनेजर, रोहित भाटी और अजब सिंह भाटी समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अजब सिंह भाटी ने किया। इस दौरान गबरी यादव और सुले यादव ने भी किसानों को संबोधित करते हुए अपने विचार रखे। किसान संघर्ष मोर्चा ने स्पष्ट किया कि 14 सितंबर की महापंचायत के बाद आंदोलन को लेकर आगे के निर्णय किसानों की सामूहिक सहमति से लिए जाएंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।