बिना पानी सप्लाई के लाखों के बिल, IBA ने विधायक तेजपाल नागर के सामने उठाया गंभीर मुद्दा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (12/09/2026): गौतमबुद्ध नगर के औद्योगिक क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं और उद्यमियों की समस्याओं को लेकर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के प्रतिनिधिमंडल ने दादरी विधायक तेजपाल नागर से मुलाकात की। ग्रेटर नोएडा के ईटा-1 स्थित विधायक के आवास/कार्यालय पर हुई बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में IBA प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की मौजूदा जरूरत थीम पार्क, रोड वाइडनिंग या छह लेन सड़कें नहीं, बल्कि सबसे पहले मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करना है। प्रतिनिधिमंडल ने जलभराव, खराब ड्रेनेज और सीवर व्यवस्था, टूटी सड़कों, अपर्याप्त स्ट्रीट लाइट, अव्यवस्थित हॉर्टिकल्चर, स्वच्छता, सुरक्षा और नियमित जलापूर्ति जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

बिना जलापूर्ति के पानी के बिलों का मुद्दा उठाया

IBA ने बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों में जलापूर्ति का मुद्दा भी उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कई औद्योगिक क्षेत्रों में वर्षों से नियमित जलापूर्ति नहीं है, इसके बावजूद उद्यमियों को लाखों रुपये के पानी के बिल जारी किए जा रहे हैं। एसोसिएशन ने इस समस्या के न्यायसंगत और स्थायी समाधान की मांग की। इसके अलावा कंप्लीशन, फंक्शनल और अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के साथ प्रभावी सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने की मांग भी रखी गई।

“उद्यमियों की समस्याओं का समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता”

विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख औद्योगिक केंद्र है और यहां के उद्यमियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जहां भी आवश्यकता होगी, वह उद्यमियों के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने जल्द ही ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उद्यमियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया, ताकि समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

“पहले मूलभूत सुविधाएं, तभी बढ़ेगा निवेश”

IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि एसोसिएशन केवल समस्याएं बताने वाला संगठन नहीं है, बल्कि समाधान आधारित सोच के साथ काम करता है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सबसे पहले जलभराव से स्थायी मुक्ति, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, बेहतर सीवर व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण सड़कें, सुचारु स्ट्रीट लाइट, व्यवस्थित हॉर्टिकल्चर, स्वच्छता, सुरक्षा और नियमित जलापूर्ति जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

अमित उपाध्याय ने कहा कि जब उद्योगों को मूलभूत सुविधाएं मिलेंगी, तभी निवेश बढ़ेगा, रोजगार के अवसर पैदा होंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

“उद्यमी विकास के विरोधी नहीं, योजनाबद्ध विकास के पक्षधर”

IBA महासचिव सुनील दत्त शर्मा ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के उद्यमी विकास के विरोधी नहीं हैं, बल्कि योजनाबद्ध और प्राथमिकता आधारित विकास के पक्षधर हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी औद्योगिक क्षेत्र की पहचान उसकी मूलभूत सुविधाओं से होती है। यदि सड़कें जलमग्न हों, ड्रेनेज व्यवस्था खराब हो, सीवर सिस्टम ठीक न हो, स्ट्रीट लाइट बंद हों और उद्यमियों को बिना जलापूर्ति के पानी के बिल भरने पड़ें, तो बड़े विकास कार्य भी अपना उद्देश्य पूरा नहीं कर पाएंगे।

बैठक के अंत में विधायक तेजपाल नागर ने उद्योगों के हितों की रक्षा, आधारभूत सुविधाओं के विकास और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करने का आश्वासन दिया। बैठक में IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, वरिष्ठ उद्यमी संजीव चौहान और औद्योगिक क्षेत्र साइट-5 के सेक्टर सचिव वीरेंद्र रावल मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।