पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को भेंट की ‘तिरुक्कुरल’, सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने का संदेश
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (11 September 2026): नई दिल्ली के भारत मंडपम में ब्रिक्स सम्मेलन की औपचारिक शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को महान तमिल साहित्यिक कृति ‘तिरुक्कुरल’ का रूसी अनुवाद भेंट किया। ब्रिक्स सम्मेलन के लिए भारत पहुंचे राष्ट्रपति पुतिन उन पहले प्रमुख मेहमानों में शामिल हैं, जिनसे प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मेलन से पहले द्विपक्षीय मुलाकात की।
प्रधानमंत्री मोदी ने तिरुक्कुरल की प्रति भेंट करते हुए राष्ट्रपति पुतिन को इसके महत्व के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तमिल संत और महान कवि तिरुवल्लुवर ने इस पुस्तक में मानव जीवन की अनेक विशेषताओं और मूल्यों का वर्णन किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि रूसी भाषा में उपलब्ध इस महान कृति से भारत और रूस के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने तथा दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।
तिरुक्कुरल तमिल साहित्य की सबसे महान और विश्व प्रसिद्ध रचनाओं में से एक मानी जाती है और इसे ‘तमिल वेद’ भी कहा जाता है। करीब 2,000 साल पहले कवि-दार्शनिक तिरुवल्लुवर द्वारा रचित इस प्राचीन नैतिक साहित्य में 133 अध्याय और 1,330 दोहे शामिल हैं। जीवन, मानव मूल्यों और रोजमर्रा के व्यवहार से जुड़े इसके गहरे संदेशों के कारण तिरुक्कुरल का दुनिया की कई भाषाओं में अनुवाद किया जा चुका है, जिसमें रूसी भाषा भी शामिल है।
तिरुक्कुरल तमिल संस्कृति और पहचान का एक महत्वपूर्ण प्रतीक है। तमिलनाडु में इसे स्कूलों में पढ़ाया जाता है और कई घरों में इसे सम्मानित स्थान प्राप्त है। महात्मा गांधी और लियो टॉल्स्टॉय जैसे महान व्यक्तित्व भी इसकी प्रशंसा कर चुके हैं, जबकि कन्याकुमारी में स्थापित तिरुवल्लुवर की विशाल प्रतिमा उनके प्रति सम्मान का प्रतीक है। ऐसे में ब्रिक्स सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राष्ट्रपति पुतिन को तिरुक्कुरल का रूसी अनुवाद भेंट करना भारत की समृद्ध तमिल सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के साथ-साथ भारत-रूस के सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने वाला संदेश माना जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।