अवैध कॉम्प्लेक्स पर चला नोएडा प्राधिकरण का बुलडोजर, 5 मंजिला इमारत ध्वस्त

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (11/09/2026): नोएडा के सेक्टर-104 स्थित हाजीपुर गांव में शुक्रवार को नोएडा प्राधिकरण ने अवैध रूप से बनाए गए पांच मंजिला कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। करीब 7,950 वर्गमीटर जमीन पर बने इस निर्माण को ध्वस्त करने के लिए प्राधिकरण की सात जेसीबी मशीनें मौके पर लगाई गईं। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।

प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, जिस जमीन पर यह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाया गया है, वह सरकारी जमीन है। खसरा नंबर-412 की करीब 7,950 वर्गमीटर भूमि वर्ष 2002 में अधिग्रहित की गई थी। अधिकारियों का कहना है कि इसके बावजूद वर्ष 2023 में निश्याम बिल्डकान प्राइवेट लिमिटेड और हिमश्री हिमालय बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड की ओर से यहां व्यावसायिक निर्माण शुरू किया गया।

निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण की ओर से कार्रवाई शुरू की गई थी, जिसके बाद संबंधित पक्ष अदालत पहुंचा। 12 अप्रैल 2023 को अदालत से प्राधिकरण के खिलाफ एकपक्षीय स्थगनादेश मिलने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रोक दी गई थी। मामले की सुनवाई गौतमबुद्धनगर की अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में चल रही थी। हाल ही में अदालत द्वारा स्थगनादेश खारिज किए जाने के बाद प्राधिकरण के लिए कार्रवाई आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हुआ।

शुक्रवार को प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह, जीएम एके अरोड़ा और संबंधित सर्कल अधिकारी की निगरानी में कॉम्प्लेक्स के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई। अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान किसी तरह की बाधा या कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के निर्देश पर अधिग्रहित जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के अभियान के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। प्राधिकरण का कहना है कि अधिग्रहित जमीनों पर किए गए अवैध निर्माण और कब्जों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।