नोएडा में इंस्टाग्राम दोस्ती के बाद युवती को होटल ले गया युवक, विरोध पर मारपीट

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (10/09/2026): इंस्टाग्राम के जरिए हुई पहचान के बाद एक युवती को नोएडा के सेक्टर-71 स्थित होटल ले जाकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के विरोध करने पर युवक ने उसके साथ मारपीट की और तेजाब डालकर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद युवती किसी तरह होटल से बाहर निकली और अपने घर पहुंचकर परिजनों को पूरी जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के शिमला की रहने वाली युवती करीब तीन साल से दिल्ली में रहकर नौकरी कर रही है। कुछ समय पहले उसकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भविष्य शर्मा नाम के युवक से बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हो गई। युवती के परिवार को इस संबंध में पहले से जानकारी नहीं थी।

युवती के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 1 सितंबर को भविष्य शर्मा उनकी बेटी को दोस्ती का हवाला देकर दिल्ली से नोएडा लेकर आया था। इसके बाद वह उसे सेक्टर-71 स्थित एक होटल में ले गया। आरोप है कि होटल के कमरे में पहुंचने के बाद युवक ने युवती के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। युवती ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया और युवक ने उसके साथ मारपीट की।

शिकायत के मुताबिक, मारपीट के दौरान आरोपी ने युवती को तेजाब डालने की धमकी भी दी। इससे वह काफी डर गई। इसके बाद युवती किसी तरह होटल से बाहर निकली और दिल्ली स्थित अपने घर पहुंची। वहां उसने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पिता उसे लेकर फेज-3 थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी।

पुलिस ने युवती के पिता की शिकायत के आधार पर भविष्य शर्मा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के दौरान घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है और आरोपों की पुष्टि के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।