ग्रेटर नोएडा में हॉकी स्टेडियम के विरोध में युवा-किसान एकजुट, लढपुरा में जताई नाराजगी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (10 सितंबर 2026): ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-37 स्थित क्षेत्रीय खेल परिसर में प्रस्तावित हॉकी स्टेडियम के विरोध में चल रहा ‘खेल मैदान बचाओ’ जनजागरण अभियान अब गांवों तक पहुंच गया है। अभियान के तहत समिति के सदस्यों ने गुरुवार को जेवर विधानसभा क्षेत्र के लढपुरा गांव में ग्रामीणों से मुलाकात कर लोगों को मुहिम से जुड़ने की अपील की। इससे एक दिन पहले ऐच्छर गांव से अभियान की शुरुआत की गई थी।
खेल मैदान बचाओ समिति के सदस्य मुकेश चौधरी ने बताया कि क्षेत्रवासियों के एकजुट प्रयासों के बाद खेल मैदान का ताला खोल दिया गया है और बच्चे दोबारा मैदान में अपनी खेल एवं शारीरिक परीक्षाओं की तैयारी के लिए पहुंच रहे हैं।
समिति के सदस्य सतेंद्र नागर आर्यबंधु ने बताया कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ सुनील जी के साथ हुई वार्ता में बताया गया है कि युवाओं की फिजिकल परीक्षा की तैयारियों को देखते हुए फिलहाल अक्टूबर माह तक निर्माण कार्य रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि मैदान का ताला पहले ही खोला जा चुका है। अन्य मुद्दों पर वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर बैठक के माध्यम से निर्णय लिया जाएगा और समिति को भी वार्ता में शामिल किया जाएगा।
ग्रामीणों ने स्टेडियम को जीबीयू में शिफ्ट करने की मांग की
जनजागरण अभियान के दौरान ग्रामीणों ने एकमत होकर प्रस्तावित हॉकी स्टेडियम को ग्रेटर नोएडा के क्षेत्रीय खेल परिसर के बजाय जीबीयू में शिफ्ट करने और क्षेत्रीय खेल परिसर की मौजूदा स्थिति बनाए रखने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्रीय खेल परिसर में बड़ी संख्या में युवा खेलों के साथ-साथ सरकारी नौकरियों के लिए शारीरिक परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि यहां हॉकी स्टेडियम का निर्माण होता है तो हजारों बच्चों और युवाओं की खेल एवं भर्ती परीक्षाओं की तैयारी प्रभावित हो सकती है।
मैदान में तैयारी करने वाले युवाओं की ओर से दीपक भाटी ने कहा कि यह ग्रामीण क्षेत्र का अंतिम निःशुल्क खेल मैदान है और इसके प्रभावित होने से हजारों बच्चों एवं युवाओं का भविष्य प्रभावित होगा। किसान बलजीत भाटी सहित अन्य ग्रामीणों ने भी मैदान को यथास्थिति में बनाए रखने की मांग की। उनका कहना है कि मैदान में किशोर और युवा खेलों के साथ सरकारी नौकरी की शारीरिक परीक्षाओं की तैयारी करते हैं।

नेताओं के बहिष्कार की चेतावनी
जनजागरण अभियान के दौरान ग्रामीणों ने यह भी घोषणा की कि सत्ता पक्ष या विपक्ष का जो भी नेता युवाओं की मांगों को नहीं सुनेगा, उसका गांव में विरोध और बहिष्कार किया जाएगा। समिति के सदस्यों ने कहा कि आने वाले दिनों में अलग-अलग गांवों और सेक्टरों में जाकर लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
खेल समिति के सदस्य इंद्राज नागर और मिंटू डाढ़ा ने कहा कि यदि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण हॉकी स्टेडियम के निर्माण का फैसला वापस नहीं लेता है तो जनजागरण अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिला अधिवक्ता बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष उमेश भाटी भी अभियान में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि मैदान को किसी भी कीमत पर छीने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने 7 सितंबर को प्राधिकरण के साथ हुई वार्ता में रखी गई मांगों को पूरा करने और समिति के सदस्यों के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग भी उठाई।
इस दौरान रंजीत, नलवीर पायला, रितेश भाटी, करतार नेताजी, सोनू भाटी, चमन शर्मा, सुंदर भाटी, अमन भाटी, आदेश भाटी, गौरव सहित खेल मैदान बचाओ समिति के सदस्य और ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।