बाइक से झपटते थे मोबाइल-चेन, एक्सप्रेसवे पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (09/09/2026): गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने मोबाइल फोन और चेन स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, दो पीली धातु की चेन, एक मोटरसाइकिल, 14,500 रुपये नकद और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 सितंबर 2026 को थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने सेक्टर-168, नोएडा से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित पुत्र कृपाल सिंह और सुमित वाल्मीकि पुत्र नेकराम मनोज वाल्मीकि के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोटरसाइकिल पर एनसीआर क्षेत्र में घूमते थे और रास्ते में आने-जाने वाले लोगों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल फोन और चेन छीन लेते थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पिछले दो-तीन महीनों के दौरान उन्होंने थाना सेक्टर-113 नोएडा क्षेत्र में भी चेन और मोबाइल फोन स्नैचिंग की कई वारदातें की थीं। छीने गए सामान को वे राह चलते लोगों को सस्ते दामों पर बेच देते थे और उससे मिले पैसे आपस में बांटकर शौक-मौज में खर्च करते थे।

आरोपियों से क्या-क्या बरामद हुआ?

पुलिस ने आरोपी सुमित पुत्र कृपाल सिंह के कब्जे से 7,500 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो पीली धातु की चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

वहीं, दूसरे आरोपी सुमित वाल्मीकि के कब्जे से 7,000 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक अवैध चाकू बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना एक्सप्रेसवे में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के दौरान आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। दोनों के खिलाफ थाना सेक्टर-113 नोएडा में चेन और मोबाइल स्नैचिंग से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके द्वारा की गई अन्य वारदातों और उनसे जुड़े संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।