NH-34 पर एंबुलेंस के 5 मिनट के रिस्पांस टाइम के दावे पर उठे सवाल

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (09/09/2026): एनएच-34 पर हादसों के दौरान घायलों को समय पर चिकित्सा सहायता मिलने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। टोल प्रबंधन की ओर से एंबुलेंस का रिस्पांस टाइम पांच मिनट होने का दावा किया जाता है, लेकिन पुलिस के मुताबिक कई मामलों में एंबुलेंस मौके पर पहुंचने में काफी समय लेती है। स्थिति यह है कि कुछ दुर्घटनाओं में पुलिस को अपने स्तर पर घायलों को अस्पताल पहुंचाना पड़ता है।

दादरी क्षेत्र में एनएच-34 का करीब 21 किलोमीटर हिस्सा लालकुआं से लुहारली टोल प्लाजा तक आता है। इस मार्ग पर हादसों में तत्काल मदद के लिए टोल प्रबंधन ने एक एंबुलेंस और गश्त वाहन तैनात कर रखा है। दावा है कि सूचना मिलने के बाद दोनों वाहन पांच मिनट के भीतर घटनास्थल तक पहुंचते हैं। हालांकि, बादलपुर पुलिस इस दावे से सहमत नहीं है।

बादलपुर कोतवाली प्रभारी के अनुसार, एनएच-34 पर हादसा होने के बाद टोल की एंबुलेंस को सूचना दी जाती है, लेकिन कई बार उसे मौके तक पहुंचने में दो से ढाई घंटे तक लग जाते हैं। ऐसे मामलों में पुलिसकर्मी अपने वाहनों या उपलब्ध संसाधनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाते हैं। पुलिस का यह भी कहना है कि गश्त वाहन में राहत और बचाव से जुड़े पर्याप्त उपकरण उपलब्ध नहीं रहते।

वहीं, लुहारली टोल प्रबंधन का कहना है कि लालकुआं से लुहारली तक एक एंबुलेंस लगातार तैनात रहती है और उसका निर्धारित रिस्पांस टाइम पांच मिनट है। हादसे में घायल लोगों को टोल क्षेत्र के आसपास मौजूद नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया जाता है। टोल प्रबंधन के अनुसार घायलों के लिए कोई एक अस्पताल निर्धारित नहीं है।

इसके मुकाबले यमुना एक्सप्रेसवे पर एंबुलेंस व्यवस्था अधिक व्यापक है। एक्सप्रेसवे पर कुल सात एंबुलेंस तैनात हैं, जबकि जेवर टोल प्लाजा पर एक समय में चार एंबुलेंस उपलब्ध रहती हैं। टोल प्रबंधन यहां हादसे के बाद करीब आठ मिनट के रिस्पांस टाइम का दावा करता है। जेवर टोल की एंबुलेंस दोनों दिशाओं में लगभग 30 से 40 किलोमीटर के क्षेत्र को कवर करती हैं और जरूरत पड़ने पर घायलों को कैलाश अस्पताल या यथार्थ अस्पताल जैसे नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया जाता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।