सत्य निकेतन हादसा: PG ऑपरेटर और लेबर ठेकेदार गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (09 September 2026): दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला जर्जर इमारत गिरने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस दर्दनाक हादसे में सात लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल हुए थे। पुलिस ने अब पीजी ऑपरेटर और लेबर ठेकेदार को भी गिरफ्तार कर लिया है। पीजी ऑपरेटर सुधांशु और लेबर ठेकेदार सानोज से पुलिस पूछताछ कर रही है। इन दोनों की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में अब तक कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

इससे पहले हादसे वाली इमारत के मालिक महेश गुप्ता और उनके माता-पिता हरिराम गुप्ता तथा ऊर्मिला गुप्ता को गिरफ्तार किया गया था। तीनों को 7 सितंबर को हिरासत में लिया गया था। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इमारत का बिजली कनेक्शन हरिराम गुप्ता के नाम पर था, जबकि संपत्ति ऊर्मिला गुप्ता के नाम से पंजीकृत बताई गई। वहीं, इमारत में संचालित पीजी का प्रबंधन महेश गुप्ता संभालता था। मामले की जांच के दौरान इमारत की स्थिति और उसके रखरखाव से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

मामले में पटियाला हाउस कोर्ट ने महेश गुप्ता को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। वहीं, ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने उनके माता-पिता हरिराम गुप्ता और ऊर्मिला गुप्ता को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जर्जर इमारत में पीजी का संचालन किन परिस्थितियों में किया जा रहा था और हादसे से पहले इमारत की सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाए गए थे।

दूसरी ओर, प्रशासन ने हादसे वाली इमारत के पास मौजूद एक अन्य कमजोर और असुरक्षित बहुमंजिला इमारत को भी गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी है, ताकि किसी दूसरे हादसे को रोका जा सके। सत्य निकेतन की घटना के बाद दिल्ली में जर्जर इमारतों और पीजी भवनों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। इस हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 12 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।