हल्द्वानी रामलीला मैदान ‘शुद्धिकरण’ मामले में उत्तराखंड में FIR दर्ज

टेन न्यूज़ नेटवर्क

National News (08 September 2026): उत्तराखंड के नैनीताल जिले में हल्द्वानी के रामलीला मैदान के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने एक और एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई कांग्रेस कार्यकर्ता अंजू की शिकायत पर हल्द्वानी कोतवाली में की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 और 299 के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा 3(1)(आर) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी ने बताया कि इस मामले को लेकर पुलिस को पूरे उत्तराखंड से करीब 80 शिकायतें और याचिकाएं प्राप्त हुई थीं। इनमें नैनीताल जिले से 19 शिकायतें शामिल थीं, जिनमें कथित शुद्धिकरण मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई थी। शिकायतों की कानूनी जांच और तथ्यों के परीक्षण के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता अंजू की शिकायत के आधार पर हल्द्वानी कोतवाली में मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, अंजू इस मामले में शिकायत दर्ज कराने वाली पहली व्यक्ति थीं।

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मामले की जांच एसपी क्राइम जगदीश चंद्र को सौंपी गई है, जो राजपत्रित अधिकारी हैं। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच करेगी। बड़ी संख्या में शिकायतें मिलने के बाद इस मामले ने राजनीतिक रूप से भी तूल पकड़ लिया है और पुलिस की जांच पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

दरअसल, यह विवाद उस घटना के बाद शुरू हुआ था, जब हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एक कार्यक्रम को संबोधित कर वहां से रवाना हुए थे। आरोप है कि उनके जाने के बाद रामलीला मैदान के मंच का कथित तौर पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं द्वारा ‘शुद्धिकरण’ कराया गया था। इसी घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कड़ी आपत्ति जताई थी और कार्रवाई की मांग की थी। अब पुलिस द्वारा एक और एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद मामले की जांच तेज होने की संभावना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।