‘यूपी के हुनर को दुनिया तक पहुंचाएंगे’, UP TEX-2026 में योगी का बड़ा ऐलान

टेन न्यूज नेटवर्क

Lucknow News (08/09/2026): लखनऊ में मंगलवार को यूपी टेक्स-2026 का शुभारंभ हुआ। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित दो दिवसीय आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के टेक्सटाइल सेक्टर की संभावनाओं और सरकार की नीतियों को सामने रखा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास परंपरा, हुनर, बड़ा बाजार और युवा कार्यबल जैसी मजबूत ताकतें हैं, जिन्हें वैश्विक टेक्सटाइल हब बनाने की दिशा में इस्तेमाल किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था में बदलाव का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में अपराध, वसूली और माफिया का प्रभाव निवेश के रास्ते में बड़ी बाधा था। उनके अनुसार, उस समय निवेशक निवेश का पर्चा लेकर आते थे और वसूली की पर्ची लेकर लौटते थे। योगी ने कहा कि अब प्रदेश में कानून का राज है और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश में करीब पांच लाख बुनकर टेक्सटाइल क्षेत्र से जुड़े हैं और प्रदेश देश के कुल फैब्रिक उत्पादन में लगभग 14 प्रतिशत योगदान देता है। सरकार का लक्ष्य फाइबर से लेकर तैयार उत्पाद और वैश्विक बाजार तक पूरी वैल्यू चेन प्रदेश में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई को केवल सप्लायर या सब-कॉन्ट्रैक्टर तक सीमित न रहकर निर्यातक बनना चाहिए और बुनकरों को अपने उत्पादों के ब्रांड तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ना होगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 36 सेक्टरल पॉलिसी लागू हैं और करीब 75 हजार एकड़ का लैंड बैंक उपलब्ध है। निवेशकों के लिए ऑनलाइन इंसेंटिव वितरण और योजनाओं की निगरानी की व्यवस्था की गई है। वहीं, टेक्सटाइल सेक्टर में नए पार्क विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। लखनऊ-हरदोई सीमा पर प्रस्तावित पीएम मित्र पार्क की बाउंड्री वॉल का काम करीब 95 प्रतिशत पूरा होने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भी प्रदेश में टेक्सटाइल सेक्टर के विस्तार की संभावनाएं बताईं। विशेषज्ञों ने मशीनरी निर्माण, स्किल्ड मैनपावर, प्रोसेसिंग प्लांट और तकनीकी वस्त्रों के क्षेत्र में निवेश बढ़ाने की जरूरत बताई। सरकार के अनुसार, टेक्सटाइल एवं गारमेंटिंग नीतियों के तहत अब तक 214 इकाइयों को लेटर ऑफ कम्फर्ट जारी किए गए हैं और 157 इकाइयों को 416.75 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।