ब्रिक्स सम्मेलन से पहले अलर्ट मोड में दिल्ली, NSG और दिल्ली पुलिस ने किया बड़ा मॉक ड्रिल

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (08 September 2026): राजधानी दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं। हाई-प्रोफाइल अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान कई देशों के शीर्ष नेताओं और प्रतिनिधिमंडलों के दिल्ली पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में दिल्ली पुलिस और नेशनल सिक्योरिटी गार्ड यानी एनएसजी ने संयुक्त रूप से ‘ऑपरेशन ब्रिक्स कवच’ के तहत व्यापक सुरक्षा अभ्यास शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य सम्मेलन के दौरान किसी भी संभावित खतरे या आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों को परखना है।

मंगलवार को सुरक्षा तैयारियों के तहत करीब 100 एनएसजी कमांडो ने दिल्ली पुलिस की स्पेशल वेपन्स एंड टैक्टिक्स यानी स्वाट यूनिट के जवानों के साथ मिलकर राजधानी के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर मॉक ड्रिल की। यह अभ्यास करीब चार घंटे तक चला और सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया। मॉक ड्रिल जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, राजघाट, भारत मंडपम और आर्मी पोलो ग्राउंड जैसे महत्वपूर्ण इलाकों में आयोजित की गई, जहां सम्मेलन और वीवीआईपी सुरक्षा से जुड़ी अलग-अलग परिस्थितियों का अभ्यास किया गया।

अभ्यास के दौरान एनएसजी कमांडो ने हेलीकॉप्टर से रस्सी के सहारे नीचे उतरने की तकनीक का प्रदर्शन किया। इसके अलावा बंधक बनाए जाने जैसी गंभीर परिस्थितियों में लोगों को सुरक्षित निकालने और आतंकवादी हमले जैसी संभावित घटनाओं से निपटने की रणनीतियों का भी अभ्यास किया गया। सुरक्षा बलों ने विभिन्न परिस्थितियों में तेजी से कार्रवाई, एजेंसियों के बीच तालमेल और विशेष अभियान चलाने की अपनी तैयारियों को परखा। इस दौरान दिल्ली पुलिस और एनएसजी के जवानों ने संयुक्त रूप से यह अभ्यास किया कि किसी बड़े खतरे की स्थिति में कम से कम समय में किस तरह प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है।

अधिकारियों के अनुसार, इन मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य संभावित आतंकवादी खतरों का आकलन करना और किसी भी संकट की स्थिति में एकीकृत सुरक्षा प्रणाली को सक्रिय करने की प्रक्रिया का अभ्यास करना है। ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान राजधानी में कई देशों के बड़े नेता मौजूद रहेंगे, ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर कोई चूक न हो, इसके लिए कई स्तरों पर सुरक्षा व्यवस्था तैयार की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां सम्मेलन स्थलों के साथ-साथ प्रमुख मार्गों, संवेदनशील इलाकों और वीवीआईपी मूवमेंट वाले क्षेत्रों पर भी विशेष नजर रख रही हैं।

बताया जा रहा है कि ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले पूरे सप्ताह इसी तरह के कई और सुरक्षा अभ्यास आयोजित किए जा सकते हैं। हर संभावित स्थिति से निपटने के लिए अलग-अलग रणनीतियां तैयार की जा रही हैं, ताकि किसी वास्तविक घटना की स्थिति में सुरक्षा बल तुरंत और प्रभावी तरीके से कार्रवाई कर सकें। ऑपरेशन ब्रिक्स कवच के जरिए दिल्ली पुलिस, एनएसजी और अन्य सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय को मजबूत करने में जुटी हैं। अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को देखते हुए आने वाले दिनों में दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी होने की संभावना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।