डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन काटने पर भड़के किसान, पुश्ता रोड पर की महापंचायत
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (07/09/2026): नोएडा के डूब क्षेत्र में बिजली कनेक्शन काटे जाने के विरोध में सोमवार को भारतीय किसान परिषद ने पुश्ता रोड पर पंचायत की। पंचायत में चोटपुर, छिजारसी, बहलोलपुर सहित आसपास के गांवों और कॉलोनियों के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे। सपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भी किसानों के आंदोलन का समर्थन किया।
किसान नेताओं ने कहा कि प्रशासन की ओर से जब तक लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखवीर खलीफा ने कहा कि केवल मौखिक भरोसे के आधार पर आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। पंचायत में शामिल लोगों ने भी इस बात पर सहमति जताई।
बिजली निगम की कार्रवाई के बाद डूब क्षेत्र में बड़ी संख्या में परिवारों के सामने बिजली का संकट खड़ा हो गया है। बताया गया है कि तीन दिनों के अभियान में पांच हजार से अधिक कनेक्शन काटे गए। इससे नाराज लोगों ने पहले विरोध प्रदर्शन और कैंडल मार्च भी निकाला था। पंचायत में महिलाओं की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।
बताया जा रहा है कि डूब क्षेत्र में करीब 13 हजार अवैध बिजली कनेक्शन चिन्हित किए गए हैं। बिजली चोरी के कारण हर महीने करीब 6.50 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का दावा भी किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री कार्यालय के संज्ञान के बाद प्रभावित इलाकों में अस्थाई बिजली कनेक्शन देने की तैयारी शुरू होने की बात सामने आई है।
अस्थाई कनेक्शन की व्यवस्था होने से करीब 40 से अधिक कॉलोनियों में रहने वाले हजारों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि किसान संगठन का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर प्रशासन लिखित रूप से भरोसा नहीं देता, तब तक पंचायत और आंदोलन जारी रहेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।