नोएडा में मोबाइल स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़, 31 मोबाइल और चाकू के साथ दो गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (06/09/2026): नोएडा के सेक्टर-63 थाना पुलिस ने मोबाइल फोन छीनने और चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी और स्नैचिंग के 31 मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी पुष्पेंद्र (23) और ध्रुव (19) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी राह चलते लोगों को निशाना बनाकर मोबाइल फोन छीनते थे। एक मामले में आरोपियों ने एक व्यक्ति का सैमसंग मोबाइल छीनने के बाद उसके फोन से जुड़े बैंक खाते से करीब 93,500 रुपये निकाल लिए थे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बैंक खाते से ट्रांसफर किए गए 70 हजार रुपये को डेबिट/फ्रीज कराया और जांच के दौरान दोनों आरोपियों तक पहुंच गई।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे छीने गए मोबाइल फोन का पासवर्ड तोड़कर उनमें मौजूद पेटीएम और फोनपे जैसी डिजिटल भुगतान सेवाओं के जरिए अपने खातों में रकम ट्रांसफर करते थे। इसके बाद जब उनके पास बड़ी संख्या में मोबाइल जमा हो जाते थे, तो उन्हें कम कीमत पर राह चलते लोगों को बेच देते थे। मोबाइल बेचकर मिलने वाली रकम को दोनों आपस में बांटकर खर्च करते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास बरामद चाकू लोगों को डराने-धमकाने के लिए रखा जाता था।

पुलिस ने दोनों को सेक्टर-63 स्थित बी-1 इलाके में हल्दीराम कट की ओर जाने वाली सर्विस रोड से स्थानीय सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया। जांच में ध्रुव के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में चोरी, मोबाइल स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। वहीं पुष्पेंद्र के खिलाफ भी सेक्टर-63 थाने में चोरी और स्नैचिंग से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 30 चोरी/स्नैचिंग के मोबाइल, एक सैमसंग मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू और हीरो एक्सट्रीम 125 मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सैमसंग फोन को पुलिस ने संबंधित मुकदमे से जोड़ते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के मोबाइल खरीदने वालों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।