‘साथ निभाएँ, प्रदूषण घटाएँ’: दिल्ली में प्रदूषण के खिलाफ बड़ा जनअभियान शुरू, मार्च 2027 तक चलेगा अभियान

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (06 सितंबर 2026): दिल्ली सरकार ने राजधानी में वायु प्रदूषण के खिलाफ नागरिकों और विभिन्न हितधारकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए ‘प्रदूषण मुक्त दिल्ली अभियान’ की शुरुआत की है। ‘साथ निभाएँ, प्रदूषण घटाएँ’ थीम पर आधारित यह सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) अभियान सितंबर 2026 से मार्च 2027 तक चलेगा।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा (Manjinder Singh Sirsa) ने कहा कि स्वच्छ हवा की लड़ाई केवल सरकार के प्रयासों से नहीं जीती जा सकती। उन्होंने नागरिकों, उद्योगों, संस्थानों और समुदायों से सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि सरकार प्रवर्तन को मजबूत करने के साथ-साथ जागरूकता और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव पर भी जोर दे रही है।

दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत स्कूल-कॉलेज, उद्योग, RWAs, बाजार, निर्माण क्षेत्र, बल्क वेस्ट जेनरेटर्स, किसान, वाहन मालिक और आम नागरिकों को जोड़ा जाएगा। कार्यशालाओं, सामुदायिक कार्यक्रमों, जागरूकता अभियानों, कैपेसिटी बिल्डिंग सत्रों और जमीनी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को प्रदूषण के स्रोतों और उसे कम करने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी जाएगी।

अभियान के प्रचार के लिए समाचार पत्रों में विज्ञापन, होर्डिंग्स, पोस्टर, रेडियो जिंगल्स, नुक्कड़ नाटक और पुस्तिकाओं समेत विभिन्न माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य जागरूकता को केवल जानकारी तक सीमित न रखते हुए उसे व्यवहारिक कार्रवाई में बदलना है।

उद्योगों पर भी फोकस

DPCC ने औद्योगिक क्षेत्रों में जिला-स्तरीय कार्यशालाओं के जरिए औद्योगिक संगठनों और इकाइयों के साथ संवाद शुरू किया है। इनमें OCEMS, APCDs, DG Sets और निर्धारित प्रदूषण नियंत्रण मानकों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

सिरसा ने कहा कि विकास और पर्यावरणीय जिम्मेदारी साथ-साथ चलनी चाहिए। उद्योग, संस्थान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान दिल्ली को स्वच्छ हवा दिलाने की मुहिम में महत्वपूर्ण भागीदार हैं।

जमीनी स्तर पर शुरू हुई गतिविधियां

अभियान के तहत NDMC ने अपने स्वच्छता कर्मचारियों के साथ IEC गतिविधियां आयोजित कीं। NGO चिंतन ने लोधी गार्डन और चाणक्य मॉल में हाउसकीपिंग कर्मचारियों के लिए ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स सत्र आयोजित किए।

वहीं, परिवहन विभाग ने PUC अनुपालन, वाहन प्रदूषण, समय पर सर्विसिंग, End-of-Life Vehicles के जिम्मेदार निस्तारण, स्वच्छ ईंधन और इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर जागरूकता गतिविधियां कीं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी 300 विद्यार्थियों की भागीदारी से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। सरकार का कहना है कि आने वाले महीनों में अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा, ताकि प्रदूषण नियंत्रण केवल सरकारी कार्यक्रम न रहकर पूरे समाज का सामूहिक जनआंदोलन बने।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।