TET की अनिवार्यता पर शिक्षकों में आक्रोश, गौतमबुद्ध नगर में काली पट्टी बांधकर जताया विरोध
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (05/09/2026): शिक्षक दिवस के अवसर पर गौतमबुद्ध नगर जिले के विभिन्न परिषदीय एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अध्यापकों ने अनोखे ढंग से अपना विरोध दर्ज कराया। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ (लखनऊ) के आह्वान पर आयोजित इस सांकेतिक प्रदर्शन के तहत शिक्षकों ने हाथों व बांहों पर काली पट्टी बांधकर पढ़ाई कराई। शिक्षकों का यह विरोध सेवारत अध्यापकों पर ‘शिक्षक पात्रता परीक्षा’ (TET) दोबारा अनिवार्य किए जाने के निर्णय के खिलाफ है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला अध्यक्ष निरंजन सिंह नगर और अन्य शिक्षक प्रतिनिधियों ने कहा कि वर्षों से निष्ठापूर्वक सेवाएं दे रहे अध्यापकों पर अचानक टीईटी परीक्षा पास करने की शर्त थोपना अनुचित है। यह निर्णय पुराने और अनुभवी शिक्षकों की गरिमा और आत्मसम्मान को ठेस पहुँचाता है। प्रदर्शनकारियों का तर्क है कि जब नियुक्ति के समय वे तत्कालीन सभी अर्हताओं को पूरा करते थे, तो अब उन पर यह नया नियम लागू करना न्यायसंगत नहीं है। संघ ने मांग की है कि पूर्व से कार्यरत सभी शिक्षकों को इस बाध्यता से तत्काल मुक्त रखा जाए।
जिले भर के विद्यालयों में दिखा असर
विरोध प्रदर्शन का असर जिले के कई ब्लॉक क्षेत्रों में देखने को मिला। पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय दनकौर सहित जेवर और आसपास के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर पठन-पाठन का कार्य जारी रखा। शिक्षकों का कहना था कि वे राष्ट्र निर्माता हैं और समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं, ऐसे में सरकार का दायित्व बनता है कि वह उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा करे।
टीईटी की अनिवार्यता को लेकर पूरे प्रदेश के शिक्षक समाज में गहरा आक्रोश है। दनकौर और जेवर के प्रदर्शन के दौरान रोहित गोयल, पिंकी, कौशल्या, शालू, चंद्रशेखर, बबीता, सुल्तान, नीरज तथा पुष्पेंद्र सहित कई वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे। प्रांतीय आह्वान के बाद अब जिला स्तर पर भी आंदोलन को आगे बढ़ाने की रूपरेखा तैयार की जा रही है ताकि सरकार तक अपनी मांग प्रमुखता से पहुंचाई जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।