नोएडा में डिजिटल अरेस्ट का खौफनाक खेल, कारोबारी से 1.45 करोड़ की ठगी

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (05/09/2026): नोएडा के सेक्टर-78 में रहने वाले 63 वर्षीय कारोबारी साइबर ठगों के डिजिटल अरेस्ट वाले जाल में फंस गए। ठगों ने खुद को दिल्ली पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियों का अधिकारी बताकर कारोबारी को आतंकवाद और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में फंसाने की धमकी दी। कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी का डर दिखाकर आरोपियों ने उनसे करीब 1 करोड़ 45 लाख 45 हजार रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करा लिए।

पीड़ित कारोबारी मनोज अग्रवाल के मुताबिक, 27 जुलाई को उनके वॉट्सऐप नंबर पर रंजीत कुमार नाम के व्यक्ति ने फोन किया। उसने खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताया और कारोबारी का नाम एक आपराधिक मामले में सामने आने की बात कही। इसके बाद कॉल को कथित तौर पर एटीएस अधिकारियों और एनआईए प्रमुख से जुड़े लोगों के पास ट्रांसफर किया गया। लगातार अधिकारियों के नाम और पद का इस्तेमाल कर पीड़ित पर दबाव बनाया गया।

ठगों ने कारोबारी को बताया कि उनका संबंध आतंकवाद और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले से है और जांच में सहयोग नहीं करने पर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया। किसी परिजन, दोस्त या परिचित से संपर्क नहीं करने की हिदायत दी गई। इतना ही नहीं, ठगों ने कारोबारी के बच्चों, नाती-पोतों और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर डर का माहौल बना दिया।

पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त से 21 अगस्त के बीच आरोपियों ने कारोबारी से कई बार अलग-अलग खातों में रकम जमा कराई। करीब 15 दिनों के दौरान कुल 1.45 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर कराई गई। बाद में कारोबारी को अपने साथ हुई साइबर ठगी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीसीपी साइबर शैव्या गोयल के अनुसार, ठगी की रकम जिन बैंक खातों में भेजी गई है, उनकी जांच की जा रही है। पुलिस लेनदेन से जुड़े बैंक खातों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। साइबर अपराधियों द्वारा पुलिस या जांच एजेंसी बनकर लोगों को डराने और डिजिटल अरेस्ट के नाम पर पैसे ऐंठने के मामलों को देखते हुए पुलिस ने लोगों से ऐसे कॉल पर भरोसा न करने की अपील की है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।