बारिश के बाद जलभराव को लेकर IBA ने उठाई आवाज, मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की मांग
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (04/09/2026): बारिश के बाद ग्रेटर नोएडा के कुछ औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को लेकर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का ध्यान आकर्षित किया है। IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों के सुचारु संचालन और निवेश को बढ़ावा देने के लिए मजबूत आधारभूत सुविधाएं बेहद जरूरी हैं।
अमित कुमार उपाध्याय ने विशेष रूप से ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था को और बेहतर बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान कुछ स्थानों पर सड़कों पर पानी जमा होने से उद्योगों, कर्मचारियों और मालवाहक वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है। जलभराव के कारण उत्पादन गतिविधियों और औद्योगिक कार्यों पर भी असर पड़ने की संभावना रहती है।
उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा तेजी से विकसित हो रहा प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र है। ऐसे में सड़क, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जाना जरूरी है। बेहतर आधारभूत ढांचा न केवल उद्योगों के संचालन को सुगम बनाएगा, बल्कि शहर में निवेश और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देगा।
IBA अध्यक्ष ने कहा कि बारिश से पहले नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था की समीक्षा नियमित रूप से की जानी चाहिए, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को न्यूनतम किया जा सके। उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और आवश्यक स्थानों पर ड्रेनेज व्यवस्था को अपग्रेड करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा में थीम पार्क, सौंदर्यीकरण और अन्य विकास परियोजनाएं भी शहर की पहचान को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, लेकिन इनके साथ-साथ सड़क, जलनिकासी, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को भी प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उनका कहना है कि संतुलित विकास के माध्यम से ही शहर को एक बेहतर औद्योगिक और आवासीय केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।
अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि उद्यमी लीज रेंट, ट्रांसफर चार्ज और अन्य शुल्कों के माध्यम से प्राधिकरण के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। ऐसे में उद्योगों को सुरक्षित और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना सभी की साझा प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने प्राधिकरण से मांग की कि जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए। इसके तहत प्रमुख नालों की नियमित सफाई, जलनिकासी व्यवस्था की क्षमता बढ़ाने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
IBA अध्यक्ष ने कहा कि यदि औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी तो उद्यमियों का भरोसा और बढ़ेगा। इससे नए निवेश को आकर्षित करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और ग्रेटर नोएडा को एक मजबूत औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
अमित कुमार उपाध्याय ने कहा, उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं और मजबूत आधारभूत ढांचा मिलेगा तो उद्योगों का संचालन और अधिक सुगम होगा। हमारा उद्देश्य किसी व्यवस्था की आलोचना करना नहीं, बल्कि मिलकर ऐसे समाधान तलाशना है, जिससे ग्रेटर नोएडा का औद्योगिक विकास और तेज हो तथा निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हों।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।