संजय झील में दर्दनाक हादसा, तीन दोस्तों की डूबने से हुई मौत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (02 September 2026): पूर्वी दिल्ली के पांडव नगर थाना क्षेत्र स्थित संजय झील में तीन दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है, जब तीनों युवक झील में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान एक युवक गहरे पानी में फंसकर डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके दो दोस्त भी पानी में कूद पड़े, लेकिन वे भी गहराई में फंस गए। कुछ ही देर में तीनों पानी में डूब गए। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में मातम छा गया।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 7:24 बजे संजय झील में तीन युवकों के डूबने की सूचना PCR के जरिए मिली थी। सूचना मिलते ही पांडव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव दल की मदद से तीनों युवकों को पानी से बाहर निकाला गया। उस समय तीनों बेहोशी की हालत में थे। उन्हें तत्काल लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की उम्र करीब 21 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है और तीनों कल्याणपुरी इलाके के रहने वाले थे। परिजनों के अनुसार मृतकों की पहचान 22 वर्षीय साहिल, 21 वर्षीय आशीष नौटियाल और 21 वर्षीय सौरभ के रूप में हुई है। बताया गया कि तीनों दोस्त शाम के समय संजय झील पहुंचे थे। इसी दौरान आशीष गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में साहिल और सौरभ भी पानी में उतर गए, लेकिन वे भी गहराई में फंस गए और तीनों की जान चली गई।

हादसे की सूचना मिलते ही झील के आसपास अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और बचाव दल ने तत्काल तलाशी अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद तीनों परिवारों में कोहराम मचा है और इलाके में भी शोक का माहौल है।

इस हादसे के बाद संजय झील की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कोंडली से आम आदमी पार्टी विधायक कुलदीप कुमार भी अस्पताल पहुंचे और मृतकों के परिवारों से मुलाकात कर संवेदना जताई। उन्होंने झील की गहराई और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कुछ हिस्सों में रेत खनन के कारण गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने झील में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, लोगों के अनधिकृत प्रवेश और पानी में उतरने पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।