कंपनी से मोबाइल चोरी कर सस्ते दामों पर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड 50 लाख के मोबाइल बरामद
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (31 अगस्त 2026): गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना बीटा-2 पुलिस ने कंपनी से मोबाइल फोन चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेचने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से करीब 50 लाख रुपये कीमत के 154 मोबाइल फोन, 2.50 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में केशव कुमार, मनोज कुमार, रवि कुमार, विनीत उर्फ मसना, मौ0 शोएब और हसीबुर्रहमान शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को थाना बीटा-2 क्षेत्र में पीपल वाला गोल चक्कर, नट मढ़ैय्या के पास से गिरफ्तार किया।
कंटेनर चालक निकला गिरोह का मास्टरमाइंड
जांच में पुलिस के सामने आया कि इस गिरोह का कथित मास्टरमाइंड केशव कुमार है। पुलिस के मुताबिक, केशव पूर्व में भी चोरी सहित कई मामलों में जेल जा चुका है। वह ग्रेटर नोएडा के साइट-4 स्थित एक्सप्रेस बीज लॉजिस्टिक सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड में कंटेनर चालक के रूप में काम करता था।
पुलिस का आरोप है कि कंपनी द्वारा तैयार किए गए मोबाइल फोन को अलग-अलग स्थानों पर डिलीवरी के लिए ले जाते समय केशव कंटेनर की सील खोल देता था। इसके बाद वह कंटेनर में रखे मोबाइल फोन के कार्टन से पहचान संबंधी चिट हटाकर मोबाइल निकाल लेता था। बताया गया है कि चोरी के मोबाइल फोन को वह अपने साथियों मनोज, विनीत उर्फ मसना, शोएब, हसीबुर्रहमान, रवि कुमार और राकेश के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों पर बेचता था। गिरोह मोबाइल फोन को बाजार मूल्य से कम कीमत पर ग्राहकों को बेचकर अवैध रूप से पैसा कमाता था।
ऑडिट में सामने आई 165 मोबाइल फोन की चोरी
पुलिस के मुताबिक, कंपनी में ऑडिट के दौरान 165 मोबाइल फोन गायब मिले थे। इसके बाद कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर 24 जुलाई 2026 को थाना बीटा-2 में मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले में चालक केशव कुमार समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
154 मोबाइल फोन और नकदी बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने कुल 154 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा 2.50 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो कार, रजिस्ट्रेशन नंबर 26BH3539K, भी बरामद की गई है। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के संबंध में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने अब तक कितने मोबाइल फोन चोरी कर किन-किन स्थानों पर बेचे थे।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में केशव कुमार निवासी ग्राम बेर नगरिया, थाना गोंडा, जिला अलीगढ़, उम्र करीब 30 वर्ष; मनोज कुमार निवासी ग्राम कुंवरपुर, थाना गोंडा, जिला अलीगढ़, उम्र 25 वर्ष; रवि कुमार निवासी ग्राम उमराला, थाना कोसी कलां, जिला मथुरा, उम्र 32 वर्ष; विनीत उर्फ मसना निवासी ग्राम कुंवरपुर, थाना गोंडा, जिला अलीगढ़, उम्र 23 वर्ष; मौ0 शोएब निवासी पतियापाड़ा बाईपास, अली मस्जिद, थाना चांदपुर, जिला बिजनौर, उम्र 24 वर्ष; तथा हसीबुर्रहमान निवासी ग्राम मेवा नवादा, थाना स्योहारा, जिला बिजनौर, उम्र 32 वर्ष शामिल हैं।
मास्टरमाइंड के खिलाफ पहले से कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, आरोपी केशव कुमार के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और अलीगढ़ में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें थाना छर्रा में चोरी का माल रखने और आयुध अधिनियम से संबंधित मामले, थाना इगलास में चोरी, चोरी का माल रखने, धोखाधड़ी से संबंधित मुकदमा तथा थाना सूरजपुर में आपराधिक विश्वासघात, साजिश और चोरी का सामान रखने से जुड़े मामले शामिल हैं। इस मामले में थाना बीटा-2 पुलिस ने मु0अ0सं0 284/2026 के तहत धारा 306/61(2)/317(2) बीएनएस में सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों और चोरी किए गए मोबाइल फोन की बिक्री के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।