हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ विवाद पर राहुल गांधी का हमला, बोले- ‘हमें खड़गे के लिए इंसाफ चाहिए’
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (29 August 2026): कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर राजनीतिक विवाद लगातार तेज होता जा रहा है। 29 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर भाजपा और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। राहुल ने आरोप लगाया कि खड़गे की रैली के बाद रामलीला मैदान में हवन और शुद्धिकरण किया गया, जिसे उन्होंने छुआछूत और दलितों के अपमान से जोड़ा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मामले में कार्रवाई और FIR दर्ज कराने की मांग की।
राहुल गांधी के 10 प्रमुख बयान
1. “हमें अपने अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के लिए इंसाफ चाहिए।”
2. “हल्द्वानी में जो हुआ, वह क्राइम है और इस पर कार्रवाई होनी चाहिए।”
3. “शुद्धिकरण छुआछूत का दूसरा नाम है और अनटचेबिलिटी क्राइम है।”
4. “जिन लोगों ने यह किया, उनके खिलाफ जल्द से जल्द FIR होनी चाहिए।”
5. “मामले में SC/ST एक्ट के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।”
6. “हल्द्वानी की घटना BJP और RSS की विचारधारा और माइंडसेट को दिखाती है।”
7. “देश में संविधान की विचारधारा और BJP-RSS की विचारधारा के बीच लड़ाई है।”
8. “देश में आज भी दलितों के साथ भेदभाव और अत्याचार की घटनाएं होती हैं।”
9. “जब खड़गे जी के साथ ऐसा हो सकता है, तो किसी बच्चे या आम दलित के साथ क्या होगा, यह सोचने की जरूरत है।”
10. “प्रधानमंत्री जल्दी आदेश दें और इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करें।”
विवाद की शुरुआत 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुई। रिपोर्ट के मुताबिक, दो दिन बाद एक हिंदू संगठन की ओर से मैदान में गंगाजल का छिड़काव और हवन किया गया। संगठन की ओर से दावा किया गया कि राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान धार्मिक स्थल की गरिमा प्रभावित हुई थी, इसलिए यह अनुष्ठान किया गया। वहीं कांग्रेस ने इसे खड़गे की दलित पहचान से जोड़ते हुए विरोध जताया। खड़गे ने भी संसद में इस मामले को उठाया और कार्रवाई की मांग की।
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में इस घटना को व्यापक सामाजिक भेदभाव से जोड़ते हुए कहा कि देश में आज भी दलितों को कई जगहों पर भेदभाव का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्कूलों, सार्वजनिक पानी के स्रोतों, चाय की दुकानों और शादी समारोहों में कथित भेदभाव के उदाहरण गिनाए। राहुल ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का मामला नहीं, बल्कि समाज में समानता और संविधान की भावना से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में कार्रवाई चाहती है और इसे छोड़ने वाली नहीं है।
वहीं उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री और भाजपा नेता खजान दास ने राहुल गांधी के आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि शुद्धिकरण या हवन करने वाला संगठन स्वतंत्र रूप से ऐसा कर रहा था और भाजपा का इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर दलित समुदाय को गुमराह करने के लिए गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया। इस बयान के बाद हल्द्वानी का यह विवाद अब भाजपा और कांग्रेस के बीच बड़े राजनीतिक टकराव में बदलता दिखाई दे रहा है। कांग्रेस जहां FIR और कार्रवाई की मांग पर अड़ी है, वहीं भाजपा घटना से खुद को अलग बता रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।