ग्रेटर नोएडा में 6 साल की बच्ची की हत्या, 24 घंटे में आरोपी मुठभेड़ में ढेर

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (29/08/2026): ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में 6 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बच्ची के लापता होने के करीब 24 घंटे के भीतर पुलिस ने मामले के आरोपी को मुठभेड़ में घायल कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान आरोपी की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, हल्दौनी गांव में रहने वाली करीब 6 वर्षीय बच्ची 28 अगस्त को घर से लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की पांच टीमों को बच्ची की तलाश में लगाया गया था।

पुलिस टीमों ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में सुराग मिला। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद बच्ची का शव बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। चिकित्सकों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। एफएसएल टीम और पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

बताया जा रहा है कि बच्ची के परिजनों ने उसके साथ दुष्कर्म की आशंका जताई है। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बच्ची का शव बरामद होने के बाद पुलिस टीम आरोपी को लेकर आगे की कार्रवाई में जुटी थी। इसी दौरान आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।