गौतमबुद्ध नगर जेल में गूंजा बहनों का प्यार, 2466 ने भाइयों की कलाई पर बांधी राखी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (28/08/2026): रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर में बंदियों और उनके परिजनों के बीच भावनात्मक मुलाकात का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में माताएं और बहनें अपने भाई एवं पुत्र से राखी बांधने और मुलाकात करने जेल पहुंचीं। शाम 4 बजे तक कुल 2466 माताओं एवं बहनों ने कारागार में निरुद्ध अपने परिजनों से मुलाकात की।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने जेल पहुंचे परिजनों को फल, बिस्किट, पानी और अन्य खाद्य सामग्री वितरित की। रक्षाबंधन पर भाइयों से मिलने पहुंचीं कई बहनें भावुक नजर आईं और उन्होंने सरकार, कारागार मंत्री तथा जेल प्रशासन की इस पहल की सराहना की।

महिला बंदियों के साथ मनाया रक्षाबंधन

कारागार मंत्री ने महिला बैरक का भी निरीक्षण किया और वहां निरुद्ध महिला बंदियों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। जिन महिला बंदियों से रक्षाबंधन के अवसर पर कोई परिजन मिलने नहीं आया, उनके साथ मंत्री ने विशेष रूप से रक्षाबंधन मनाया। महिला बंदियों ने मंत्री को राखी बांधी, जिसके बाद उन्हें वस्त्र और मिठाई वितरित की गई।

महिला बंदियों के साथ जेल में रह रहे उनके बच्चों को भी चॉकलेट और बिस्किट दिए गए। मंत्री ने महिला बंदियों से उनके परिवार और मुकदमों से संबंधित जानकारी ली तथा उनके कल्याण, सम्मान और पुनर्वास के लिए केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।

समाजसेवी संस्थाओं ने भी की विशेष व्यवस्था

रक्षाबंधन के आयोजन में सामाजिक संस्थाओं ने भी सहयोग किया। अपराध निरोधक समिति उत्तर प्रदेश की ओर से फल और बिस्किट, भारत विकास परिषद गौतमबुद्धनगर शाखा की ओर से खिचड़ी तथा इनर व्हील क्लब ग्रेटर नोएडा की ओर से फ्रूट जूस उपलब्ध कराया गया। जेल प्रशासन ने भी आगंतुकों के लिए चाय और बिस्किट की व्यवस्था की।

भारत विकास परिषद गौतमबुद्धनगर शाखा की ओर से करीब 1500 लोगों को खिचड़ी वितरित की गई।

जेल अधीक्षक बृजेश कुमार, जेलर संजय कुमार शाही, राजेश कुमार मौर्य समेत कारागार के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।