ग्रेटर नोएडा,(14 फरवरी 2025): गौतम बुद्ध नगर विकास समिति द्वारा बिसरख स्थित प्राथमिक विद्यालय में यातायात जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत कक्षा 4 और 5 के बच्चों को सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से यातायात नियमों को लेकर अपने विचार भी प्रकट किए।
सड़क सुरक्षा: अनुशासन और जिम्मेदारी
समिति अध्यक्ष रश्मि पाण्डेय ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, “हर साल लाखों लोग सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं। यातायात नियमों का पालन केवल एक मजबूरी नहीं, बल्कि यह हमारे जीवन का अनुशासन होना चाहिए।” उन्होंने सभी से अपील की कि घर से निकलते समय यातायात नियमों का पालन करें और कुछ मिनट पहले पहुंचने की जल्दबाजी में लापरवाही न करें, क्योंकि यह न केवल स्वयं के लिए, बल्कि दूसरों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है।
बच्चों को यातायात नियमों की दी गई शिक्षा
अभियान के दौरान बच्चों को सड़क पर सही तरीके से चलने, जेब्रा क्रॉसिंग के उपयोग, ट्रैफिक लाइट के संकेतों और हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से यातायात सुरक्षा पर संदेश दिए।
समिति के सदस्यों ने की पहल की सराहना
इस अवसर पर समिति के सचिव अनूप सोनी, गरिमा श्रीवास्तव, विद्यालय की अध्यापिका सरोज मौर्य सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को छोटी उम्र से ही यातायात नियमों की जानकारी देना बहुत आवश्यक है, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बन सकें।
भविष्य में भी जारी रहेगा अभियान
गौतम बुद्ध नगर विकास समिति ने घोषणा की कि भविष्य में भी ऐसे यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि समाज में सड़क सुरक्षा को लेकर अधिक संवेदनशीलता और जागरूकता फैलाई जा सके। समिति का यह प्रयास सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।