दिल्ली-NCR में बारिश के बाद सड़क से आसमान तक आफत, 14 उड़ानें डायवर्ट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (24 August 2026): दिल्ली-NCR में सोमवार सुबह से हो रही भारी बारिश ने कुछ ही घंटों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। राजधानी और आसपास के इलाकों में जगह-जगह जलभराव के कारण सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। वहीं खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है। दिल्ली एयरपोर्ट से अब तक 14 उड़ानों को डायवर्ट किया गया है, जिनमें दो अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल हैं। इनमें 12 उड़ानों को दिल्ली से जयपुर एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है।

बारिश के बाद दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई। दक्षिण दिल्ली में संगम विहार के पास एमबी रोड पर भारी जाम की स्थिति बनी रही। वायुसेनाबाद और संगम विहार के बीच भी यातायात प्रभावित रहा और कई लोग करीब एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। इसका सीधा असर एयरपोर्ट, ऑफिस और साकेत कोर्ट जाने वाले यात्रियों पर पड़ा। नोएडा में भी बारिश के दौरान नेशनल हाईवे-9 पर हिंडन नदी के पास छिजारसी कट पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बन गई।

उधर, मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR के कई इलाकों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि कुछ क्षेत्रों में मध्यम बारिश के लिए येलो अलर्ट भी है। बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। खराब मौसम को देखते हुए एयरलाइंस ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। स्पाइसजेट, एयर इंडिया, इंडिगो समेत कई एयरलाइंस ने यात्रियों से घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की अपील की है, क्योंकि मौसम की स्थिति के कारण आगे की उड़ानें भी प्रभावित हो सकती हैं।

फिलहाल दिल्ली-NCR में बारिश के कारण सड़क और हवाई यातायात दोनों पर दबाव बना हुआ है। एक तरफ जलभराव की वजह से वाहन जाम में फंस रहे हैं, तो दूसरी तरफ खराब मौसम के कारण उड़ानों का संचालन प्रभावित हो रहा है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां जलभराव वाले इलाकों और ट्रैफिक व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और घर से निकलने से पहले ट्रैफिक तथा फ्लाइट की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।