दिल्ली में रोहतक रोड की होगी री-कार्पेटिंग, मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने तय की समय-सीमा
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (17 October 2026): राजधानी दिल्ली में सड़कों की बदहाली, जलभराव, टूटे फुटपाथ और सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सुधार कार्यों की तैयारी तेज कर दी है। दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने शनिवार को मध्य और पश्चिमी दिल्ली के विभिन्न इलाकों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान रोहतक रोड की री-कार्पेटिंग, रानी झांसी फ्लाईओवर के नीचे नई लाइटें लगाने, नालों की सफाई और सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने का फैसला किया गया। ‘गवर्नमेंट ऑन व्हील्स’ कार्यक्रम के तहत हुए इस निरीक्षण में पीडब्ल्यूडी, दिल्ली जल बोर्ड, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC), जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण की शुरुआत पंचकुइयां रोड से हुई और इसके बाद रानी झांसी रोड, ईदगाह रोड, रानी झांसी फ्लाईओवर, रोहतक रोड, न्यू रोहतक रोड, जखीरा, करमपुरा फ्लाईओवर, पटेल रोड, शादीपुर और शंकर रोड सहित कई स्थानों पर समस्याओं का जायजा लिया गया। मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने रोहतक रोड की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि सड़क की खुदाई के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। उन्होंने निर्देश दिया कि दिल्ली जल बोर्ड, बीएसईएस और दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड (DTL) के लंबित कार्य पूरे होने के बाद सड़क की पूरी री-कार्पेटिंग की जाए। साथ ही सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी तालमेल से काम करने को कहा गया, ताकि सड़क बनने के बाद बार-बार खुदाई की नौबत न आए और आम लोगों को राहत मिल सके।
सड़कों की मरम्मत और सफाई के लिए अलग-अलग समय-सीमाएं भी निर्धारित की गई हैं। रानी झांसी रोड और ईदगाह रोड के क्षतिग्रस्त हिस्सों तथा टूटे फुटपाथों की मरम्मत 15 दिनों के भीतर करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, रानी झांसी फ्लाईओवर के नीचे एक सप्ताह के भीतर नई लाइटें लगाने, सफाई अभियान चलाने और अतिक्रमण हटाने का काम किया जाएगा। न्यू रोहतक रोड और जखीरा इलाके में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए नालों की गाद निकालने यानी डीसिल्टिंग के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा करमपुरा फ्लाईओवर, पटेल रोड और शादीपुर में गड्ढों की मरम्मत, रोड मार्किंग और साइनेज को दुरुस्त करने तथा मेट्रो के ढांचों के आसपास पड़े निर्माण मलबे को हटाने के लिए पीडब्ल्यूडी और डीएमआरसी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शंकर रोड पर सड़क किनारे पड़े मलबे को हटाने और सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए नगर निगम को निर्देश दिए गए हैं। मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने स्पष्ट किया कि दिल्ली के लोगों को गड्ढों से मुक्त सड़कें, जलभराव से राहत और सुरक्षित फुटपाथ उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन स्थानों पर समस्याएं सामने आई हैं, वहां दोबारा निरीक्षण कर काम पूरा होने की पुष्टि की जाएगी। इस दौरे में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर ही समस्याओं की पहचान कर समाधान की जिम्मेदारी तय की गई। अब इन निर्देशों के बाद संबंधित इलाकों के लोगों को सड़क मरम्मत, बेहतर रोशनी, साफ नालों और व्यवस्थित फुटपाथों की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।