दिल्ली में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा, स्वास्थ्य मंत्री ने बुलाई हाईलेवल मीटिंग

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (24 August 2026): राजधानी दिल्ली में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने स्वाइन फ्लू और वेक्टर जनित बीमारियों की स्थिति की समीक्षा के लिए सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे उच्चस्तरीय बैठक बुलाई है। बैठक में राजधानी में संक्रमण की मौजूदा स्थिति, रोकथाम के उपायों और अस्पतालों की तैयारियों पर चर्चा की जाएगी। इस साल दिल्ली में इन्फ्लुएंजा-ए के 2,300 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें शुक्रवार तक 1,777 से अधिक H1N1 संक्रमण शामिल हैं। अकेले गुरुवार को 114 नए H1N1 मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ी है।

मामलों में तेजी के बीच दिल्ली सरकार ने शनिवार को स्वास्थ्य संबंधी एडवाइजरी जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की थी। सरकार ने खांसते और छींकते समय मुंह और नाक ढकने, साबुन-पानी से नियमित रूप से हाथ धोने और भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। साथ ही श्वसन संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों के निकट संपर्क से बचने, आंख और नाक को बार-बार न छूने तथा सार्वजनिक स्थानों पर न थूकने की अपील की गई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ लेने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने की सलाह दी है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से बढ़ते मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सरकार का फोकस संक्रमण को नियंत्रित करने के साथ-साथ अस्पतालों में मरीजों के इलाज की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी है। विशेषज्ञों के मुताबिक बुखार, खांसी, सिरदर्द और शरीर में दर्द जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है। दिल्ली सरकार की हाईलेवल बैठक के बाद संक्रमण की रोकथाम को लेकर आगे की रणनीति और जरूरी कदमों पर तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।