सलवार-सूट और लाल दुपट्टा पहनकर फ्लैट में घुसा चोर, 13 मिनट में 2 लाख रुपये की चोरी
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (24/08/2026): ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-150 स्थित महागुन मीडोज सोसाइटी में चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक फ्लैट में संदिग्ध व्यक्ति सलवार-सूट पहनकर दाखिल हुआ और लॉकर तोड़कर करीब 2 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया। उसने पहचान छिपाने के लिए चेहरे को लाल दुपट्टे से ढक रखा था। पूरी घटना सोसाइटी में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई है।
CCTV फुटेज के मुताबिक संदिग्ध शाम करीब 7:40 बजे फ्लैट के अंदर पहुंचा। उसने काले रंग का सलवार-सूट पहन रखा था और लाल दुपट्टे से चेहरा ढका हुआ था। फ्लैट के अंदर पहुंचने के बाद उसने लॉकर तोड़ा और अलमारी में रखी नकदी निकाल ली। करीब 13 मिनट बाद 7:53 बजे वह फ्लैट से बाहर निकल गया। जांच के दौरान किचन का एक शीशा भी टूटा हुआ मिला।
पीड़ित अभिषेक शर्मा अपनी पत्नी सेजल गोयल के साथ सोसाइटी के टावर-बी में रहते हैं। शनिवार शाम दोनों किसी काम से अपनी बहन के घर गए थे। इसी दौरान उनकी घरेलू सहायिका ने उनकी पत्नी के मोबाइल पर फोन कर घर पर मौजूदगी को लेकर जानकारी ली थी। देर रात करीब 12 बजे दंपती वापस लौटे तो फ्लैट का लॉकर टूटा मिला और उसमें रखी नकदी गायब थी।
घटना के बाद दंपती ने सोसाइटी के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी, जिसमें संदिग्ध के फ्लैट में आने और बाहर निकलने की पूरी गतिविधि सामने आई। अभिषेक ने चोरी में घरेलू सहायिका और इलेक्ट्रीशियन की भूमिका होने की आशंका जताते हुए नॉलेज पार्क कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी को फ्लैट और उसमें रखी नकदी के बारे में पहले से कोई जानकारी थी या नहीं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।