दिल्ली के दो फाइव स्टार होटलों पर FSSAI का शिकंजा,मिलीं गंभीर खामियांl
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (27 August 2026): दिल्ली के दो प्रमुख फाइव स्टार होटल अंदाज दिल्ली एयरोसिटी और JW मैरियट में खाद्य सुरक्षा को लेकर FSSAI की जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण की टीम ने दोनों होटलों का निरीक्षण किया, जिसमें एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, खराब सब्जियां, गंदे बर्तन, कॉकरोच और मक्खियों के साथ-साथ साफ-सफाई से जुड़ी कई कमियां मिलीं। इन खामियों को लेकर दोनों होटलों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। अधिकारियों के मुताबिक आगे की कार्रवाई जांच और लिए गए खाद्य नमूनों की लैब रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
अंदाज दिल्ली एयरोसिटी में जांच के दौरान करीब 87 किलो एक्सपायर्ड मिठाई मिली, जिसे अधिकारियों ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा एक्सपायर्ड केक बेस और ब्रेड के पैकेट भी बरामद हुए। जांच में कुछ पुराने ब्रेड पैकेट पर दोबारा तारीख लगाए जाने की बात भी सामने आई। होटल की रसोई में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन तैयार करने की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे। अलग-अलग खाद्य पदार्थों के लिए इस्तेमाल होने वाले कटिंग बोर्ड एक ही पानी के कंटेनर में रखे मिले, जबकि रूम डाइनिंग किचन में शाकाहारी भोजन के लिए निर्धारित बर्नर पर मांसाहारी खाना बनाए जाने की जानकारी मिली।
जांच टीम को अंदाज दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में स्वच्छता से जुड़ी कई खामियां भी मिलीं। फ्रीजर के पास कॉकरोच, ग्राइंडिंग रूम में मक्खियां और मच्छर तथा कई जगह मकड़ी के जाले पाए गए। बॉटलिंग प्लांट के भीतर गुटखे का पैकेट भी मिला। अधिकारियों ने कचरा प्रबंधन, तापमान की निगरानी और एलर्जी पैदा करने वाले खाद्य पदार्थों को अलग रखने की व्यवस्था में भी कमी बताई। सप्लायर से खाद्य सामग्री प्राप्त करते समय जरूरी जांच न किए जाने की बात भी सामने आई। FSSAI ने घी, वेजिटेबल मेयोनीज, नारियल मिल्क पाउडर, दाल, टोमैटो सॉस, ऑरेंज मार्मलेड और नारियल कुकीज समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए लिए हैं।
वहीं JW मैरियट में दो दिन चली जांच के दौरान कुल 59 खामियां सामने आईं। इनमें खाद्य लाइसेंस, लेबलिंग, स्टोरेज और रसोई की स्वच्छता से जुड़ी कमियां शामिल हैं। कुछ पैक्ड खाद्य पदार्थों पर FSSAI लाइसेंस नंबर गलत या अधूरा पाया गया, जबकि कुछ पैकेट पर निर्माता का पूरा पता दर्ज नहीं था। होटल का FSSAI लाइसेंस भी प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित नहीं किया गया था। पनीर, खोया, चना मसाला और मिर्च जैसे कुछ खाद्य पदार्थों से संबंधित लाइसेंस दस्तावेज भी जांच के दौरान उपलब्ध नहीं मिले।
JW मैरियट की रसोई में गंदे बर्तन और खाद्य पदार्थों के संपर्क में आने वाली अस्वच्छ सतहें मिलीं। पीने के पानी में गंदगी के कण पाए जाने की बात भी सामने आई। जांच के दौरान कॉकरोच और फल मक्खियां मिलीं, जबकि कुछ सेबों पर फफूंद और टमाटरों में सड़न पाई गई। कई खाद्य पदार्थ खुले में रखे थे और कटी हुई सब्जियों को भी उचित तरीके से स्टोर नहीं किया गया था। चाइनीज, इंडियन, इटैलियन और बेकरी किचन में स्टोरेज तथा सफाई से जुड़ी कमियां मिलीं और कुछ जगह एग्जॉस्ट सिस्टम भी काम नहीं कर रहे थे। FSSAI ने शहद, मिल्क व्हाइटनर, पीने का पानी, रेड वेलवेट स्पंज, रसमलाई, खोया, पनीर और चटनी के नमूने भी लिए हैं।
दिल्ली की कार्रवाई ऐसे समय सामने आई है जब देश के कई बड़े होटलों में खाद्य सुरक्षा को लेकर निरीक्षण तेज किए जा रहे हैं। इससे पहले बेंगलुरु में भी बड़े होटलों की जांच के दौरान एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री, खराब सब्जियां और स्वच्छता संबंधी कमियां मिली थीं। दिल्ली में अंदाज दिल्ली और JW मैरियट को जारी नोटिस के बाद अब होटल प्रबंधन के जवाब और खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट पर नजर रहेगी। यदि प्रयोगशाला जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।