दिल्ली के दो अस्पतालों के निर्माण को मिलेगी रफ्तार, 426.53 करोड़ रुपये मंजूर

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (23 August 2026): नई दिल्ली में लंबे समय से अधूरे पड़े मादीपुर और ज्वालापुरी के सरकारी अस्पतालों के निर्माण को अब पूरा करने का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दोनों अस्पतालों के शेष निर्माण कार्य के लिए 426.53 करोड़ रुपये के अतिरिक्त बजट को मंजूरी दी है। इन दोनों अस्पतालों के शुरू होने से पश्चिमी दिल्ली में स्वास्थ्य सुविधाओं का बड़ा विस्तार होगा और करीब 20 लाख की आबादी को इसका सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। अस्पतालों में कुल 1382 बेड की व्यवस्था होगी, जिससे नांगलोई, मादीपुर, ज्वालापुरी और आसपास के इलाकों के मरीजों को राहत मिलेगी।

मादीपुर और ज्वालापुरी दोनों अस्पतालों का निर्माण वर्ष 2019 में मंजूर हुआ था, लेकिन करीब पांच साल से परियोजनाएं पूरी नहीं हो सकी हैं। अब तक दोनों अस्पतालों का लगभग 65 प्रतिशत भौतिक निर्माण कार्य पूरा हुआ है। वर्ष 2022 में डिजाइन में बदलाव और दो अतिरिक्त मंजिलों के निर्माण का फैसला होने के बाद परियोजनाओं की लागत और समय दोनों बढ़ गए। दोनों अस्पतालों की क्षमता 691-691 बेड निर्धारित की गई है। सरकार की मंजूरी के बाद अब अधूरे निर्माण को पूरा करने के लिए जरूरी अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।

मादीपुर अस्पताल की शुरुआती अनुमानित लागत 320 करोड़ रुपये थी। परियोजना पर आधे से अधिक बजट खर्च होने के बावजूद अब तक करीब 65 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है। शेष निर्माण कार्य के लिए 203 करोड़ रुपये की अतिरिक्त जरूरत बताई गई है, जिसके बाद अस्पताल की कुल संशोधित लागत करीब 466.50 करोड़ रुपये हो जाएगी। वहीं, ज्वालापुरी अस्पताल की शुरुआती लागत 319.65 करोड़ रुपये थी, जो बढ़कर 484.04 करोड़ रुपये हो गई है। इस परियोजना पर अब तक 260.51 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं और बाकी काम पूरा करने के लिए 223.53 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि की आवश्यकता है।

सरकार के मुताबिक दोनों अस्पतालों को पूरी तरह तैयार करने में करीब दो वर्ष का समय और लग सकता है। इसमें लगभग छह महीने की अवधि योजना और तैयारियों के लिए, जबकि अगले 18 महीने निर्माण कार्य को पूरा करने में लगाए जाएंगे। इन अस्पतालों के शुरू होने के बाद पश्चिमी दिल्ली में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर दबाव कम करने के साथ मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। 1382 नए बेड जुड़ने से आसपास के बड़े आबादी वाले क्षेत्रों में इलाज की क्षमता भी उल्लेखनीय रूप से बढ़ेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।