BJP मुख्यालय में नितिन नवीन की अध्यक्षता में अहम बैठक, बड़े फैसलों पर मंथन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (22 August 2026): नई दिल्ली में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की अहम संगठनात्मक बैठक शुरू हुई है। बीजेपी मुख्यालय में पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारी और विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ नेता पहुंच रहे हैं। बैठक की अध्यक्षता बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कर रहे हैं। नई राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद यह पहली बड़ी बैठक है, जिसमें संगठन की प्राथमिकताओं और आगामी रणनीति पर चर्चा हो रही है। पार्टी के जमीनी नेटवर्क को मजबूत करने और केंद्रीय व राज्य इकाइयों के बीच बेहतर तालमेल पर भी मंथन की संभावना है।

नई टीम के साथ संगठन की प्राथमिकताओं पर चर्चा

बैठक के पहले सत्र में नितिन नवीन की नई टीम के सभी सदस्यों का औपचारिक परिचय कराया जा रहा है। इस दौरान संगठन विस्तार, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक मजबूत करने को लेकर चर्चा हो सकती है। बीजेपी की नजर आगामी विधानसभा चुनावों और 2027 के चुनावी चक्र पर है। पार्टी की कोशिश संगठनात्मक तैयारियों को समय रहते मजबूत करने की है, ताकि चुनावी राज्यों में पार्टी का आधार और मजबूत किया जा सके।

मोदी@25′ अभियान की तैयारियों पर भी मंथन

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘मोदी@25’ अभियान को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। पार्टी देशभर में इस अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा और रोडमैप को अंतिम रूप देने की तैयारी में है। बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष, कार्यक्रम प्रभारी विनोद तावड़े और विभिन्न राज्यों के अध्यक्ष व संगठन महामंत्री भी बैठक में शामिल हो सकते हैं।

शाम की बैठक में अमित शाह के शामिल होने की संभावना

बीजेपी की एक और महत्वपूर्ण बैठक शाम करीब 6 बजे होने की जानकारी सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इस बैठक में शामिल हो सकते हैं। इस बैठक में आगामी चुनावों, संगठनात्मक विस्तार और पार्टी की दीर्घकालिक रणनीति पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि चुनावी तैयारियों के साथ-साथ राज्यों में संगठन को मजबूत करने और केंद्रीय नेतृत्व की रणनीति को प्रदेश इकाइयों तक पहुंचाने पर भी फोकस रहेगा।

17 अगस्त को घोषित हुई थी नई राष्ट्रीय टीम

गौरतलब है कि बीजेपी ने 17 अगस्त को नितिन नवीन के नेतृत्व में अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की थी। नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, आठ राष्ट्रीय महासचिव और 16 राष्ट्रीय सचिव समेत कई पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, सुनील बंसल और बिप्लब कुमार देब को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। बीएल संतोष संगठन महासचिव बने हुए हैं, जबकि पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। नई टीम के साथ आज की बैठक को बीजेपी की आगामी संगठनात्मक और चुनावी दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।