नोएडा बाइक चोर गिरोह का खुलासा: 4 आरोपी गिरफ्तार, 12 मोटरसाइकिल बरामद

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (21/08/2026): सेक्टर-39 थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और नोएडा से चोरी की गई 12 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल वैगनार कार और दो अवैध चाकू भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि प्रताप, विमल शाक्य उर्फ सूर्या, प्रशांत सिंह और दीपांशु के रूप में हुई है। चारों आरोपी मूल रूप से मैनपुरी के रहने वाले हैं और फिलहाल गौतमबुद्ध नगर में किराये पर रह रहे थे। आरोपी वैगनार कार से अलग-अलग इलाकों में घूमकर सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी बाइकों को निशाना बनाते थे। पहले रेकी की जाती थी और मौका मिलते ही बाइक चोरी कर सुरक्षित स्थान पर छिपा दी जाती थी।

जांच में सामने आया कि गिरोह का नेटवर्क नोएडा तक सीमित नहीं था। बरामद वाहनों में कुछ मोटरसाइकिलों के चोरी होने के मामले दिल्ली, चंडीगढ़ और गुरुग्राम में पहले से दर्ज हैं। पुलिस को अशोक नगर और बदरपुर (दिल्ली), सेक्टर-36 (चंडीगढ़), सेक्टर-65 (गुरुग्राम) और सेक्टर-39 (नोएडा) से चोरी हुई बाइक मिली हैं। कई वाहनों की पहचान उनके नंबर और संबंधित मुकदमों के आधार पर की गई है।

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी चोरी की बाइकों को कुछ समय तक छिपाकर रखते थे और बाद में आर्थिक परेशानी या मजबूरी का हवाला देकर उन्हें कम कीमत में बेच देते थे। बरामद 12 वाहनों में टीवीएस, स्प्लेंडर और अपाचे जैसी मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं तथा चोरी के वाहन खरीदने वाले लोगों की भूमिका क्या रही है।

चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न स्थानों पर वाहन चोरी के मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। सेक्टर-39 थाने में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं और आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने और अन्य चोरी की घटनाओं से इनके संबंध की जांच कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।