शेयर मार्केट में मुनाफे का लालच पड़ा भारी, नोएडा के कारोबारी से 1.13 करोड़ ठगे

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (20/08/2026): नोएडा के सेक्टर-49 क्षेत्र में रहने वाले एक कारोबारी को शेयर बाजार में निवेश से मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 1.13 करोड़ रुपये हड़प लिए। आरोपियों ने कारोबारी से वॉट्सऐप के जरिए संपर्क किया और खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताया। इसके बाद उन्हें एक वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़कर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर निवेश करने के लिए प्रेरित किया गया।

कारोबारी ने शुरुआत में 50 हजार रुपये लगाए। कुछ समय बाद आरोपियों ने करीब 9 हजार रुपये का लाभ दिखाया और मुनाफे के स्क्रीनशॉट भेजकर उनका भरोसा बढ़ाया। इस पर कारोबारी ने बड़ी रकम लगानी शुरू कर दी। अलग-अलग तारीखों पर कई बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करते हुए उन्होंने कुल 1.13 करोड़ रुपये जमा कर दिए।

बताया गया है कि 14 दिसंबर को 10 लाख, 17 दिसंबर को दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 30 लाख, 19 दिसंबर को 12 लाख और 31 दिसंबर को दो बार में 10 लाख रुपये समेत कई भुगतान किए गए। आरोपियों की ओर से लगातार मुनाफा दिखाए जाने के कारण कारोबारी को निवेश सुरक्षित होने का विश्वास बना रहा।

मार्च 2026 में जब कारोबारी ने अपनी रकम वापस निकालने की कोशिश की तो ठगों ने पैसे लौटाने के बजाय उनसे और रकम जमा करने की मांग की। इसके बाद उन्हें पूरे मामले में धोखाधड़ी की आशंका हुई। उन्होंने आरोपियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन जून तक वॉट्सऐप नंबरों पर कोई जवाब नहीं मिला और संपर्क पूरी तरह बंद हो गया।

पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। मामले में साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब जिन बैंक खातों में रकम भेजी गई, उनके लेनदेन और संबंधित मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।