दिल्ली में उतरीं 200 नई इलेक्ट्रिक बसें, किन रूटों पर दौड़ेंगी? जानिए पूरी डिटेल

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (19 अगस्त 2026): दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बुधवार से 200 नई इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतरेंगी। इनमें महिलाओं और छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 56 विशेष बस सेवाएं शामिल हैं। नई बसों के बेड़े में 88 बसें 12 मीटर लंबी और 112 बसें 9 मीटर लंबी हैं।

इन बसों के शामिल होने के बाद दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन बेड़े की संख्या करीब 6,800 हो जाएगी। इनमें 4,938 इलेक्ट्रिक बसें और 1,750 सीएनजी बसें शामिल होंगी।

महिलाओं और छात्राओं के लिए विशेष बस सेवाएं

परिवहन मंत्री पंकज सिंह के मुताबिक, नई बस सेवाओं का उद्देश्य दिल्ली के सार्वजनिक परिवहन ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि नई सेवाओं को खासतौर पर कामकाजी महिलाओं और विश्वविद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं की दैनिक यात्रा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

डीटीसी 15 अधिक मांग वाले रूटों पर 30 लेडीज स्पेशल ट्रिप्स शुरू करेगी। इसके अलावा विश्वविद्यालय क्षेत्र के 13 रूटों पर 26 यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल (USPL) ट्रिप्स संचालित की जाएंगी।

इन विशेष सेवाओं के जरिए आवासीय इलाकों को नेहरू प्लेस, एम्स, साउथ एक्सटेंशन, आरके पुरम, कनॉट प्लेस, आईटीओ, दिल्ली सचिवालय, करोल बाग, कश्मीरी गेट और शिवाजी स्टेडियम जैसे प्रमुख रोजगार एवं सरकारी केंद्रों से जोड़ा जाएगा।

विश्वविद्यालयों तक छात्राओं की आसान पहुंच

यूनिवर्सिटी रूट पर चलने वाली विशेष बस सेवाओं से हिंदू कॉलेज, रामजस कॉलेज, दौलत राम कॉलेज, श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, गार्गी कॉलेज, हंसराज कॉलेज, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज और देशबंधु कॉलेज समेत कई प्रमुख शिक्षण संस्थानों तक पहुंच आसान होगी।

CCTV और पैनिक बटन से लैस होंगी बसें

सभी नई इलेक्ट्रिक बसें लो-फ्लोर और वातानुकूलित होंगी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इनमें सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन लगाए गए हैं। इससे खासतौर पर महिला यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

दिल्ली-करनाल के बीच भी शुरू हुई इलेक्ट्रिक बस सेवा

दिल्ली से करनाल के बीच अंतरराज्यीय रूट पर भी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की जा रही है। इस रूट पर पूरी तरह इलेक्ट्रिक पांच बसें संचालित होंगी। करीब 133 किलोमीटर लंबे दिल्ली-करनाल रूट पर दोनों दिशाओं में रोजाना 10-10 फेरे संचालित किए जाएंगे। इससे दिल्ली और करनाल के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन विकल्प मिलेगा।

नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा मिलने के साथ प्रदूषण कम करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।