स्कूली बच्चों के आधार अपडेट में बड़ी उपलब्धि, 2 करोड़ से अधिक अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट पूरे
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi (18 August 2026): भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने स्कूली बच्चों के आधार कार्ड में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) को लेकर चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अभियान के तहत देशभर में 2 करोड़ से अधिक बच्चों के एमबीयू पूरे किए जा चुके हैं। सितंबर 2025 में शुरू हुए इस विशेष अभियान में अब तक करीब 1.56 लाख स्कूल शामिल हो चुके हैं। यूआईडीएआई ने शिक्षा मंत्रालय की यूडीआईएसई+ प्रणाली के साथ तकनीकी एकीकरण के जरिए स्कूलों को बच्चों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट की स्थिति की जानकारी उपलब्ध कराई है।
अभियान के तहत स्कूलों में विशेष शिविर लगाकर बच्चों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट किए जा रहे हैं। यूआईडीएआई और राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों के शिक्षा विभागों के समन्वय से यह सुविधा बच्चों को उनके स्कूलों में ही उपलब्ध कराई जा रही है। इससे अभिभावकों को अलग से आधार केंद्र जाने की परेशानी कम हुई है और बड़ी संख्या में बच्चों के लिए प्रक्रिया आसान और सुविधाजनक बनी है। यूआईडीएआई का लक्ष्य अधिक से अधिक स्कूली बच्चों का समय पर एमबीयू पूरा कराना है, ताकि भविष्य में आधार प्रमाणीकरण से जुड़ी परेशानियों से बचा जा सके।
आधार में बायोमेट्रिक अपडेट बच्चों की उम्र के अनुसार महत्वपूर्ण है। पांच वर्ष से कम उम्र में आधार बनाते समय बच्चों के फिंगरप्रिंट और आंखों की पुतली संबंधी बायोमेट्रिक्स दर्ज नहीं किए जाते, क्योंकि इस उम्र में ये पूरी तरह विकसित नहीं होते। पांच वर्ष की आयु पूरी होने पर और फिर 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कराया जाना जरूरी है। समय पर अपडेट होने से स्कूल, उच्च शिक्षा, सरकारी सेवाओं और अन्य सुविधाओं के लिए आवश्यक आधार प्रमाणीकरण सुचारू रूप से किया जा सकता है।
बच्चों और अभिभावकों को एमबीयू के लिए प्रोत्साहित करने के लिए यूआईडीएआई ने शुल्क में भी राहत दी है। 30 सितंबर 2026 तक 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट निःशुल्क है। यूआईडीएआई ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का एमबीयू निर्धारित समय पर जरूर पूरा कराएं। आधार में बायोमेट्रिक जानकारी अपडेट नहीं होने पर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, NEET, JEE, CUET जैसी परीक्षाओं में पंजीकरण और अन्य सेवाओं के दौरान आधार प्रमाणीकरण में दिक्कत आ सकती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।